
NCR की स्मार्ट टाउनशिप में फ्लैट खरीदने को रहें तैयार, 750 एकड़ में बस रहा हाईटेक शहर
ग्रेटर नोएडा की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल स्मार्ट टाउनशिप में फ्लैट खरीदने का मौका जल्द मिलेगा। ग्रुप हाउसिंग के लिए चार भूखंडों की योजना लाने की तैयारी चल रही है। अगले महीने या नए साल में योजना शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल स्मार्ट टाउनशिप में फ्लैट खरीदने का मौका जल्द मिलेगा। ग्रुप हाउसिंग के लिए चार भूखंडों की योजना लाने की तैयारी चल रही है। अगले महीने या नए साल में योजना शुरू होने की उम्मीद है। टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से आवास की जरूरत महसूस की जा रही है। बिजली, पानी, सड़क समेत सभी जरूरी सुविधाओं का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है।

दरअसल दिल्ली-मुंबई इंस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) के अंतर्गत इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड (आईआईटीजीएनएल) की तरफ से यहां 750 एकड़ में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित की जा रही है। यहां एक ही परिसर में उद्योग, व्यावसायिक और आवास की सुविधा मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, उद्योगों के लिए 39, ग्रुप हाउसिंग के लिए 4 और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए 8 भूखंड आरक्षित किए गए हैं।
औद्योगिक श्रेणी के अब तक 26 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी बचे भूखंडों को आवंटित करने के लिए दो माह पहले योजना शुरू की गई थी। यहां निवेश को इच्छुक तीन और कंपनियों को जल्द भूखंड आवंटित किए जा सकते हैं।
प्राधिकरण की एसीईओ/ निदेशक आईआईटीजीएल प्रेरणा सिंह ने बताया कि औद्योगिक श्रेणी के बाद अब ग्रुप हाउसिंग के भूखंडों की योजना लाने की तैयारी चल रही है। चार भूखंडों के लिए पहली बार योजना लाई जाएगी। ब्रोशर में नियम और शर्तों के साथ अन्य बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। यहां रहने वाले लोगों को सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
टाउनशिप में निवेश करने वाली कंपनियां
स्मार्ट टाउनशिप में अब तक सोनालिका इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स, नोवामैक्स इंडस्ट्रीज एलएलपी, एएनडी हाईटेक इंडस्ट्रीज, जीकेएस डिजिटल इंडिया लिमिटेड, डीएस एनएक्सट जेन प्राइवेट लिमिटेड, श्रीजी डीएलएम, नेपच्यून एनर्जी आदि कंपनियों को भूखंड आवंटित हो चुके हैं। जापान और सिंगापुर से निवेश आने की संभावना है। दोनों देशों का प्रतिनिधिमंडल टाउनशिप का दौरा कर चुका है।
रवि कुमार एनजी, सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण/ एमडी आईआईटीजीएनल, ''आईआईटीजीएनएल की स्मार्ट टाउनशिप में ग्रुप हाउसिंग के लिए भूखंडों की योजना जल्द लाई जाएगी। संबंधित विभाग द्वारा इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे में आवास की जरूरत महसूस की जा रहा है।''



