गुरुग्राम एनकाउंटर: मारे गए 4 बदमाशों में एक नाबालिग, जेवलिन थ्रो का था खिलाड़ी; हाथ में था एक और हुनर
गुरुग्राम में हुए एनकाउंटर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मुठभेड़ में मारा गया एक बदमाश नाबालिग था और जेवलिन थ्रो का खिलाड़ी था। पुलिस ने बताया कि इस एनकाउंटर में मारा गया नाबालिग बदमाश बाइक रिपेयरिंग का काम भी करता था।

गुरुवार रात पुलिस और दीपक नांदल गैंग के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों को ढेर कर दिया। इस एनकाउंटर मारे गए 4 बदमाशों में से एक नाबालिग था और जेवलिन थ्रो का खिलाड़ी भी था। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी खिलाड़ी रोहतक के बरोठ का रहने वाला था और कुछ महीनों पहले ही दीपक नांदल गैंग में शामिल हुआ था। इस एनकाउंटर में मारे गए सभी बदमाशों की जानकारी अब सामने आ रही है, जिसमें कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। आइए जानते हैं पुलिस ने गुरुग्राम में मारे गए चारों बदमाशों को लेकर क्या-क्या जानकारी दी है।
बाइक रिपेयर का भी करता था काम
इस एनकाउंटर में ढेर कर दिए गए बदमाशों में नाबालिग जेवलिन थ्रो खिलाड़ी के साथ ही नितिन और अंकित भी शामिल हैं। इनके साथ मारा गया नाबालिग जेवलिन थ्रोअर स्पोर्ट्स के साथ-साथ बाइक रिपेयरिंग का काम भी करता था। पुलिस ने बताया कि अंकित और नितिन के साथ मारा गया नाबालिग तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। इस एनकाउंटर मारा गया चौथा बदमाश फेतहाबाद का रहने वाला था। इन एनकाउंटर में चार बदमाश ढेह हो गए, वहीं एक बदमाश गोली लगने से बुरी तरह घायल भी हुआ है। उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस से हुई थी मुठभेड़
बता दें कि गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में गुरुवार देर रात 5 बदमाशों ने एक कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंच गई। बदमाशों ने अब कारोबारी का घर छोड़ पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग के दौरान दोनों तरफ से दनादन गोलियां चलती रहीं और एक-एक कर चार बदमाशों की क्राइम ब्रांच की टीम ने ढेर कर दिया। इस घटना में एक बदमाश को गंभीर रूप से चोट लगी है। एनकाउंटर के दौरान पुलिस टीम में शामिल तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है, जिससे वो घायल हो गए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को भी इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।
गुरुग्राम पुलिस को सूचना मिली थी कि सुशांत लोक फेज-2 में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से कुछ बदमाश घूम रहे हैं, जिनके हाथों में हथियार भी है। सूचना मिलने के बाद जब तक पुलिस पहुंचती तब तक बदमाशों ने अपना काम शुरू कर दिया था। यहां एसजीटी यूनिवर्सिटी के फाउंडर के बेटे विशाल बेरी के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी थी। बदमाशों ने बाहर से गोलीबारी कर विशाल के परिवार को बंधक जैसी स्थिति में ला दिया था, लेकिन इतने में गुरुग्राम पुलिस वहां पहुंच गई और बदमाशों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। इस हमले की जवाबी कार्रवाई पुलिस ने भी शुरू कर दी और देखते ही देखते एक-एक कर चार बदमाशों को ढेर कर दिया।


