ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह में रोड़ा बने 10 मकान और दुकान, 13 को निकलेगा समाधान?

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह के रोड़े अभी कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इनमें मकान से लेकर दुकान तक शामिल हैं। जीएमआरएल ने इस समस्या का जल्द समाधान निकालने के लिए एनएचएआई और एचएसवीपी से मदद मांगी है।

old gurugram metro route construction update
पुराने गुरुग्राम मेट्रो रूट के निर्माण कार्य की जानकारी

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण में मेट्रो स्टेशन और मेट्रो मार्ग के निर्माण में 10 मकान अड़चन बने हुए हैं। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने इस विवाद को सुलझाने के लिए एनएचएआई और एचएसवीपी अधिकारियों से आग्रह किया है, लेकिन इनकी तरफ से इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में 13 अगस्त को होने वाली बैठक में विवादों के सुलझने की उम्मीद है।

जीएमआरएल सूत्रों के मुताबिक, हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो मार्ग और स्टेशन के निर्माण में छह मकान आ रहे हैं। इनमें सेक्टर-10 स्टेशन के निर्माण में दो मकान आ रहे हैं। यह सभी मकान सरस्वती इंक्लेव कॉलोनी के हैं। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है। सेक्टर-37 में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के निर्माण में गांव बसई के चार मकान और दुकान आ रहे हैं।

जीएमडीए के सेक्टर-10 बस डिपो, सेक्टर-37 से बसई तालाब और सेक्टर-नौ में हरियाणा सिटी गैस की गैस पाइप लाइन मेट्रो निर्माण में अड़चन बनी हुए हैं। एचसीजी को गैस लाइन हटाने का आग्रह एनएचएआई ने किया है, लेकिन लाइन शिफ्ट नहीं होने से मेट्रो परियोजना में देरी हो रही है। हरियाणा सिटी गैस ने नया सीएनजी स्टेशन बनाने और पुराना सीएनजी स्टेशन हटाने की एवज में मुआवजा राशि को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है। इस मामले में अगली सुनवाई 24 अगस्त निर्धारित है।

जमीन खरीदने में देरी हो रही

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण में कन्हेई, इस्लामपुर और बसई गांव की जमीन आ रही है। भूमि अधिग्रहण विभाग की तरफ से बाजारी कीमत के हिसाब से जमीन का मूल्यांकन कर लिया है। कुछ जमीन मालिकों ने अभी तक सहमति नहीं बताई है। ऐसे में जमीन खरीदने में देरी हो रही है।

उद्योग विहार फेज-छह के स्टेशन का डिजाइन प्रभावित

हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क निर्माण परियोजना पर फैसला नहीं होने से मेट्रो के उद्योग विहार फेज-छह स्टेशन में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का निर्माण अटक गया है।

बिजली घर से भी दिक्कत

हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक के बीच में 66केवी क्षमता का बिजली घर और बिजली तार मेट्रो निर्माण में अड़चन बने हुए हैं। बिजली के 17 इंडीपेंडेंट फीडर को शिफ्ट किया जाना है। पानी की 1600 एमएम की पाइप लाइन भी अभी तक स्थानांतरित नहीं हो सकी है। इस स्टेशन पर सड़क पार करने के लिए एफओबी बनाया जाना है। यदि एलिवेटेड रोड बनता है तो उसके नीचे से एफओबी बनाया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की राह में रोड़ा बने 10 मकान और दुकान, 13 को होगा समाधान?