काम की बात: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के इन 2 स्टेशन परिसरों में बनेंगे शॉपिंग मॉल, यात्रियों को किराये में मिलेगी छूट
ओल्ड गुरुग्राम में रहने वाले लोगों के लिए एक और अच्छी खबर आई है। जीएमआरएल ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के दो स्टेशन परिसरों के अंदर शॉपिंग मॉल बनाएगा। इससे जहां मेट्रो की कमाई बढ़ेगी वहीं यात्रियों को भी किराये में छूट देने की योजना है।

दीपक आहूजा, गुरुग्राम
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दो स्टेशनों के साथ शॉपिंग मॉल बनाने की योजना बनाई है। यह चार-चार एकड़ में तैयार किए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
जीएमआरएल की योजना के मुताबिक द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-101 (गांव धनवापुर) में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के पास 4 एकड़ में शॉपिंग मॉल तैयार किया जाएगा। यह शॉपिंग मॉल मेट्रो के प्रवेश और निकासी द्वार के पास होगा। शॉपिंग मॉल होने के कारण मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को पार्किंग की दिक्कत भी नहीं आएगी। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक के बीच में उद्योग विहार फेज-छह नाम से मेट्रो स्टेशन बनेगा। इस मेट्रो स्टेशन के पास एचएसवीपी की खाली जमीन है, जहां पर फिलहाल लोगों की तरफ से कूड़ा फेंका जाता है।
इसमें से करीब चार एकड़ जमीन को शॉपिंग मॉल के लिए उपलब्ध करवाने का आग्रह जीएमआरएल ने एचएसवीपी से किया है। इस रोड पर अभी कोई शॉपिंग मॉल नहीं है। इसके बनने से सेक्टर-10ए, 10, सरस्वती एंक्लेव, कादीपुर, गाड़ौली के अलावा आसपास लगती रिहायशी कॉलोनियों और गांवों को लाभ होगा।
यहां प्रस्तावित है द्वार
जीएमआरएल ने संपदा अधिकारी एक से चार मेट्रो स्टेशन के लिए प्रवेश और निकासी द्वार के लिए जमीन मांगी है। उद्योग विहार फेज-छह में दो जगह पर करीब 1200 वर्ग मीटर जमीन मांगी है। यह जमीन गांव कादीपुर की है। सेक्टर-37 में प्रस्तावित स्टेशन में प्रवेश और निकासी द्वार बनाने के लिए लिए करीब 950 वर्ग मीटर जमीन मांगी है। यह जमीन गांव बसई की है।
जमीन की जरूरत
बसई स्टेशन के लिए करीब 800 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। सेक्टर-101 स्टेशन में प्रवेश और निकासी द्वार के लिए करीब 1200 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। यह जमीन गांव धनवापुर से जुड़ी है।
यात्रियों को सस्ती टिकट उपलब्ध होगी
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की वित्तीय आय बढ़ाने के लिए शॉपिंग मॉल का निर्माण किया जाएगा। शॉपिंग मॉल की दुकानों को किराये पर चढ़ाया जाएगा। इसकी आय से जीएमआरएल में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन दिया जाएगा। ऐसा होने से मेट्रो के संचालन में कम लागत आएगी। इससे यात्रियों को सस्ती टिकट उपलब्ध होगी। जीएमआरएल की तरफ से अगले सप्ताह में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में इस मुद्दे को रखा जाएगा।
निर्माण कार्य जारी
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना करीब 31.25 किलोमीटर लंबी है। इसके तहत अभी जीएमआरएल ने पहले चरण का टेंडर आवंटित किया हुआ है। मौजूदा समय में 14.88 किमी लंबी मेट्रो का निर्माण चल रहा है, जोकि मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-नौ तक शामिल है। सेक्टर-नौ से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो के दूसरे चरण का टेंडर जल्द जारी किया जाएगा।
यहां स्टेशन बनेंगे
इस मेट्रो परियोजना के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, यूनिटैक साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टरा-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-छह, सेक्टरा-10, 37, गांव बसई, सेक्टर-101, सेक्टर-नौ, सेक्टर-सात, सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-तीन, बजघेड़ा, पालम विहार आदि स्थानों पर स्टेशन बनेंगे।


