काम की बात: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेक्टर 45 स्टेशन पर यात्रियों के लिए होंगी क्या-क्या सुविधाएं; GMRL ने तैयार किया डिजाइन
GMRL ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेक्टर-45 स्टेशन का डिजाइन तैयार कर लिया है। यहां दिव्यांग यात्रियों के लिए पिक एंड ड्रॉप और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट से लेकर और भी कई तरह की सुविधा होगी।

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत सेक्टर-45 में प्रस्तावित स्टेशन का डिजाइन तैयार कर लिया है। इस डिजाइन पर जीएमडीए, एचएसवीपी, गुरुग्राम नगर निगम, जीएमसीबीएल से सुझाव और आपत्ति मांगे जाएंगे। अंतिम रूप देने के बाद मंजूर डिजाइन के तहत ठेकेदार कंपनी को मेट्रो स्टेशन का निर्माण करने के दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत सेक्टर-45 दूसरा स्टेशन हैं। पहला स्टेशन मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के नाम से बनेगा।
राइट्स के सर्वे के मुताबिक, इस मेट्रो स्टेशन पर करीब 28 हजार यात्रियों का फुटफॉल रहेगा। सुबह-शाम के समय इस मेट्रो स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या करीब 3900 प्रति घंटा रहेगा। स्टेशन की खासियत रह रहेगी कि इस मेट्रो स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा अलग से रहेगी। इलेक्ट्रिक कारों के लिए दो चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, जिसमें एक समय में दो कारों को चार्ज किया जा सकेगा। स्टेशन पर टैक्सी, कार, बस, ऑटो, ई-रिक्शा की पिक एंड ड्रॉप की सुविधा होगी।
आपत्तियां और सुझाव मांगे गए
गत 31 अगस्त को जीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ विश्वजीत चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें सेक्टर-45 के अलावा यूनिटैक साइबर पार्क और सेक्टर-72ए के मेट्रो स्टेशन को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई थी। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने अपने-अपने तर्क दिए थे। जीएमआरएल ने अब सेक्टर-45 मेट्रो स्टेशन का डिजाइन तैयार कर लिया है, जिन्हें सभी विभागों को भेजकर उनसे सुझाव और आपत्ति आमंत्रित की जाएंगी।
31 किलोमीटर लंबा मार्ग
मेट्रो के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर डीएलएफ साइबर पार्क तक 31.25 किमी लंबा मेट्रो मार्ग तैयार किया जाना है। इसमें 28 मेट्रो स्टेशन का निर्माण होगा और सेक्टर-33 में एक मेट्रो डिपो तैयार किया जाएगा। बसई स्टेशन से 1.85 किमी लंबा अलग से मेट्रो मार्ग बनाया जाएगा।
यहां बनने हैं स्टेशन
परियोजना के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, यूनिटैक साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टरा-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-छह, सेक्टरा-10, 37, गांव बसई, सेक्टर-101, सेक्टर-9, सेक्टर-7, सेक्टर-चार आदि जगह स्टेशन बनेंगे।
लोगों को मिलेगी जाम से राहत
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पुराना गुरुग्राम और नया गुरुग्राम आपस में सीधे कनेक्ट हो जाएंगे। साथ ही लोगों को ओल्ड रेलवे रोड, बस स्टैंड, सदर बाजार, सेक्टर-14 और हुडा सिटी सेंटर जैसे व्यस्त इलाकों में हर दिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। वहीं सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम होने से लोगों का यात्रा समय भी बचेगा।


