काम की बात: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेकेंड फेज की तैयारी शुरू, GMRL ने इस काम के लिए HSVP से लगाई गुहार

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

जीएमआरएल ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो निर्माण को तीन चरणों में बांटा हुआ है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-9 तक मेट्रो मार्ग तैयार होना है। दूसरे चरण में सेक्टर-9 से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो मार्ग बनना है। तीसरे चरण में सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो तैयार होना है।

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेकेंड फेज की तैयारी शुरू, GMRL ने इस काम के लिए HSVP से लगाई गुहार

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी है। जीएमआरएल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से आग्रह किया है कि सड़कों की पैमाइश करवाई जाए। इसके बाद जीएमआरएल की तरफ से सड़कों के बीच में निशान लगा दिए जाएंगे, जिसके बाद मेट्रो निर्माण में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।

जीएमआरएल ने मेट्रो निर्माण को तीन चरणों में बांटा हुआ है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-नौ तक मेट्रो मार्ग तैयार होना है। दूसरे चरण में सेक्टर-नौ से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो मार्ग बनना है। तीसरे चरण में सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो तैयार होना है। पहले चरण में मेट्रो मार्ग का निर्माण शुरू किया जा चुका है। दूसरे चरण के टेंडर दस्तावेज को जीएमआरएल की तरफ से तैयार किया जा चुका है।

पहले चरण की अड़चन अभी दूर नहीं हो सकी

मेट्रो के पहले चरण के निर्माण में हीरो होंडा चौक से लेकर बसई तक कई अड़चन हैं, जो अभी तक दूर नहीं हो सकी है। इस वजह से करीब पांच किलोमीटर लंबे इस हिस्से में मेट्रो निर्माण शुरू नहीं हो सका है। सबसे पहली अड़चन बीकानेर मिष्ठान भंडार है, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 18 मई निर्धारित है। हिमगिरी आश्रम की जमीन अब तक नहीं मिल सकी है। सेक्टर-10 स्थित बिजली घर को अभी स्थानांतरित नहीं किया जा सका है।

Old Gurugram Metro Route Update

ट्रैफिक डायवर्जन योजना बनेगी

सड़क की जमीन की पैमाइश होने के बाद अतिक्रमण और अवैध निर्माण को हटाया जाएगा। दूसरे चरण में जिन सड़कों से मेट्रो निकलनी है, उनमें से अधिकांश की चौड़ाई कम है। ऐसे में ट्रैफिक डायवर्जन योजना बनाई जाएगी। एचएसवीपी के उपमंडल अधिकारी सर्वे अजमेर सिंह ने बताया कि जीएमआरएल स्टॉफ के साथ मिलकर सड़कों की पैमाइश करवाई जाएगी। मेट्रो निर्माण में जीएमआरएल को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। बता दें कि मेट्रो मार्ग के दूसरे चरण में सेक्टर-सात, सेक्टर-चार, साइबर सिटी आदि में मेट्रो स्टेशन तैयार होने हैं।

सुशील ऐमा मार्ग पर दिक्कत होगी

गुरुग्राम के सुशील ऐमा मार्ग पर मेट्रो निर्माण में जीएमआरएल को दिक्कत आएगी। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी इस मुख्य सड़क के एक तरफ मुख्य बरसाती नाला नंबर एक निकल रहा है। जीएमआरएल की तरफ से एक नया बरसाती नाला तैयार किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से इस बरसाती नाले के बनने के बाद मेट्रो मार्ग का निर्माण शुरू होगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।