Old Gurugram Metro : ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट की बड़ी बाधा ऐसे होगी दूर, ये हैं 2 रास्ते

लाइव हिन्दुस्तान, गुरुग्राम। हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के बीच में आ रही एक बाधा को दूर करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। सेक्टर-चार और नौ के तीन मकान मेट्रो अलाइनमेंट के बीच में आ रहे हैं।

Old Gurugram Metro : ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट की बड़ी बाधा ऐसे होगी दूर, ये हैं 2 रास्ते

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के बीच में आ रही एक बाधा को दूर करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। सेक्टर-चार और नौ के तीन मकान मेट्रो अलाइनमेंट के बीच में आ रहे हैं। इन्हें खरीदने के लिए हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के अधिकारियों की इन मकान मालिकों से बातचीत चल रही है।

मकानों को लेकर यदि बातचीत सिरे नहीं चढ़ती है तो इन मकानों के अधिग्रहण का विकल्प तलाश किया जाएगा। इस बाधा को सुलझाने में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी मदद कर रहे हैं।

मेट्रो निर्माण की अलाइनमेंट के बीच में सेक्टर-4 के दो और सेक्टर-9 का एक मकान आ रहा है। पहले इन मकानों के अधिग्रहण की योजना बनाई गई थी। अधिकारियों ने बातचीत के बाद निष्कर्ष निकाला कि अधिग्रहण करने में दो से तीन साल का समय लग जाएगा। अब इन मकान मालिकों से मकान को बेचने के लिए बातचीत की जा रही है। मेट्रो संचालन को लेकर सामान्य सलाहकार को अगले सप्ताह तक नियुक्त कर दिया जाएगा। जीएमआरएल में जल्द 20 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति हो जाएगी।

सरकार से वैकल्पिक प्लॉट देने का आग्रह

पिछले दिनों इन मकान के मालिकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी। इनकी तरफ से एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया है। इसमें मकानों के बदले में एचएसवीपी का सामान एरिया का वैकल्पिक प्लॉट देने का आग्रह किया है, जिसको लेकर अधिकारी विचार विमर्श कर रहे हैं। अगले 10 से 15 दिन के अंदर इन मकानों की खरीद को लेकर फैसला ले लिया जाएगा।

27 स्टेशनों का किया जाना है निर्माण

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत 27 स्टेशन का निर्माण होना है। 28.5 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो के निर्माण में 5452 करोड़ रुपये का खर्चा आने का अनुमान है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण की समीक्षा करने के दौरान जीएमआरएल के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे को आदेश जारी किए थे कि एक मई से मेट्रो रूट पर निर्माण कार्य शुरू करवाएं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।