
अगले हफ्ते से तेज होगा ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट का निर्माण, तैयारी अंतिम चरण मे
जीएमआरएल के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के पहले चरण (सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक) का निर्माण 15 नवंबर से तेज हो जाएगा, क्योंकि 14 नवंबर तक पाइल टेस्टिंग का काम पूरा हो जाएगा और सेक्टर-45 मेट्रो स्टेशन से निर्माण शुरू किया जाएगा।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट का निर्माण 15 नवंबर से तेज हो जाएगा। निर्धारित समयावधि से पूर्व पहले चरण की मेट्रो का निर्माण हो जाएगा। यह बात गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने हिन्दुस्तान संवाददाता से बातचीत के दौरान कही।

डॉ. खरे ने बताया कि पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-नौ तक करीब 15.3 किमी लंबी मेट्रो संचालन के तहत पाइल की टेस्टिंग चल रही है। यह कार्य 14 नवंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद मेट्रो रूट को लेकर पाइल का निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। पाइल तैयार करने के लिए निर्माणाधीन एजेंसी की तरफ से तीन मशीन लगाई गई हैं।
कास्टिंग यार्ड की दिक्कत जल्द दूर होगी
उन्होंने बताया कि दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सेक्टर-33 में निर्माणाधीन कास्टिंग यार्ड के निर्माण में आ रही दिक्कतों को जल्द दूर किया जाएगा।
सेक्टर-45 मेट्रो स्टेशन से निर्माण शुरू होगा
डॉ. खरे ने बताया कि सेक्टर-45 में मेट्रो स्टेशन से निर्माण शुरू किया जाएगा। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का निर्माण बाद में किया जाएगा। जीएमआरएल अधिकारियों और निर्माणाधीन एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं कि जीएमडीए, डीएचबीवीएन, एचवीपीएन और एचएसवीपी अधिकारियों से मिलकर मिलेनियम सिटी सेंटर के प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के आसपास से निकल रही पानी, सीवर, बरसाती नाले, बिजली की लाइनों की जांच करवाएं। इसके बाद सावधानीपूर्वक काम शुरू किया जाए, जिससे लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं आए।
कास्टिंग यार्ड दूसरे चरण में बनेगा
जीएमआरएल के प्रबंध निदेशक के मुताबिक मेट्रो निर्माण के दौरान वाहन चालकों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आए। इसको लेकर बेहतर इंतजाम करने के आदेश निर्माणाधीन एजेंसी को जारी किए हैं। उन्हें कहा है कि यातायात डायवर्जन को लेकर प्रशिक्षित मार्शल नियुक्त किए जाएं। यातायात पुलिस का सहयोग लिया जाए। सुबह-शाम यातायात का खासा ध्यान रखा जाए।





