ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के सेकेंड फेज के रूट में बदलाव, अब इन गांवों और सेक्टरों तक फायदा

Feb 09, 2026 07:27 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के रूट में बदलाव कर दिया है। पहले यह मेट्रो ओल्ड दिल्ली रोड से राव गजराज मार्ग से होकर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित शंकर चौक पहुंचनी थी।  

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के सेकेंड फेज के रूट में बदलाव, अब इन गांवों और सेक्टरों तक फायदा

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के रूट में बदलाव कर दिया है। पहले यह मेट्रो ओल्ड दिल्ली रोड से राव गजराज मार्ग से होकर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित शंकर चौक पहुंचनी थी। अब यह डूंडाहेड़ा के हनुमान मंदिर, राम चौक से होते हुए शंकर चौक तक जाएगी। इससे गांव डूंडाहेड़ा, मौलाहेड़ा के अलावा सेक्टर-21 और 22 के निवासियों को फायदा होगा।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की तरफ से दिल्ली के सराय रोहिल्ला से लेकर राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन को पूर्व में कापसहेड़ा बॉर्डर से ओल्ड दिल्ली रोड, अतुल कटारिया चौक, महाराणा प्रताप चौक से होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे तक लाना था। इसको ध्यान में रखते हुए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की योजना तैयार की गई थी। अब एनसीआरटीसी ने नमो भारत ट्रेन के रूप में बदलाव कर दिया है। यह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर चलेगी। इसको लेकर जीएमआरएल ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में बदलाव कर दिया है।

दूसरे चरण में मेट्रो का रूट पहले सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड दिल्ली रोड और राव गजराज मार्ग होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे से जुड़ना था। नई योजना के तहत सुशील ऐमा मार्ग से अब मेट्रो ओल्ड दिल्ली रोड पर गांव डूंडाहेड़ा स्थित हनुमान मंदिर तक जाएगी। इसके बाद राम चौक, उद्योग विहार फेज-तीन और फेज-पांच को विभाजित कर रही मुख्य सड़क से होते हुए शंकर चौक तक जाएगी।

Old Gurugram Metro Route Update

एनसीआरटीसी से सटकर मेट्रो स्टेशन बनेगा

जीएमआरएल ने पूर्व में योजना बनाई थी कि रैपिड मेट्रो के साइबर सिटी स्टेशन से सटकर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का स्टेशन बनाया जाए। अब फैसल लिया है कि नमो भारत चौक के साइबर सिटी स्टेशन के बिल्कुल साथ में ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का साइबर सिटी स्टेशन बनेगा। इस स्टेशन को एफओबी के माध्यम से रैपिड मेट्रो के स्टेशन से जोड़ा जाएगा। नमो भारत स्टेशन से हाईवे के दूसरे तरफ तक एफओबी का निर्माण किया जाएगा। डीएलएफ ने हाल ही में भूमिगत पैदल पारपथ का निर्माण कर दिया है। एक एफओबी बनाने की योजना भी है। ऐसा होने से लोगों को हाईवे को पार करने में दिक्कत नहीं होगी।

स्टेशन निर्माण की योजना जल्द फाइनल होगी

दूसरे चरण के मेट्रो मार्ग में स्टेशन की लोकेशन को जल्द फाइनल कर दिया जाएगा। इसको लेकर अधिकारियों के बीच विचार विमर्श किया जा रहा है। माना जा रहा है कि एक स्टेशन सेक्टर-21 में बनेगा और डूंडाहेड़ा से शंकर चौक के बीच में एक मेट्रो स्टेशन तैयार किया जाएगा।

वर्ल्ड बैंक के समक्ष योजना रखी जाएगी

दूसरे चरण की इस योजना को जल्द ही वर्ल्ड बैंक के समक्ष रखा जाएगा। जीएमआरएल की योजना इस मेट्रो परियोजना के लिए करीब 3500 करोड़ रुपये का ऋण लेने की है। पहले यूरोपियन बैंक से ऋण देने का आग्रह किया था। यूरोपियन बैंक की देरी के चलते अब वर्ल्ड बैंक से लोन लेने का फैसला लिया गया है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो का निर्माण किया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें