उमर 6 दिसंबर को करना चाहता था बड़ा हमला; धमाके वाली कार चला रहे आतंकी के बारे में हुआ नया खुलासा
अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाले डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब के कमरे से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के बाद उमर नबी की योजना नाकाम हो गई। जिसके बाद वह घबरा गया।
दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार को हुए ब्लास्ट के दौरान उस धमाके वाली कार को चला रहा डॉ उमर नबी के बारे में बुधवार को अधिकारियों ने एक नया खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उमर नबी ने आगामी 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी के आसपास शहर में एक शक्तिशाली विस्फोट की योजना बनाई थी और इस बारे में उसने अपने साथियों को बताया था। अधिकारियों ने कहा कि उमर कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी नेटवर्क का एक अहम हिस्सा बनकर उभरा था। उन्होंने यह खुलासा आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JEM) के फरीदाबाद स्थित अंतरराज्यीय व्हाइट कॉलर टेरर मॉडयूल से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार आठ आरोपियों के परिजनों, दोस्तों और पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर किया।
अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाले डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब के कमरे से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के बाद उमर नबी की योजना नाकाम हो गई। जिसके बाद वह घबरा गया था और उसने जल्दबाजी में लालकिला पर बिना किसी योजना के उस विस्फोट को अंजाम दे दिया।
28 वर्षीय डॉक्टर उमर नबी दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले का रहने वाला था। वह अकेला रहता था और उसका शैक्षणिक रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा था। अधिकारियों के अनुसार उसके बारे में माना जा रहा है कि वह 10 नवंबर को लाल किले पर हुए कार विस्फोट में मारे गए कुल 12 लोगों में से एक है। उन्होंने दावा किया कि उमर साल 2021 में डॉ मुज़म्मिल गनई के साथ तुर्किये की यात्रा पर गया था। गनई वही डॉक्टर है जो कि विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से पहला था। अधिकारियों के अनुसार तुर्कीये से आने के बाद उसके अंदर नाटकीय बदलाव और कट्टरता आई। ऐसा माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों की मुलाकात प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय कार्यकर्ताओं से हुई थी।
तुर्किये से आने के बाद उमर ने कथित तौर पर गनई के साथ मिलकर अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर सहित अन्य विस्फोटक सामग्री इकट्ठा करना शुरू कर दिया था और उन्हें अल फलाह परिसर में और उसके आसपास जमा करना शुरू कर दिया था। वह फरीदाबाद के अल फलाह परिसर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, उमर ने दिसंबर में अपनी आतंकी योजना के बारे में दूसरों को बताया और 10 नवंबर को अपनी हुंडई i20 कार में विस्फोटक रखकर उसकी तैयारी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि संभावना है कि वह इंटरनेट पर उपलब्ध खुले स्रोतों से वाहन-आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (VBIED) के निर्माण और विस्फोट सर्किट के बारे में जानकारी लेने के बाद उसे असेंबल कर रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि उमर 10 नवंबर को उस समय घबरा गया होगा जब फरीदाबाद के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने टेलीविजन पर घोषणा की कि फरीदाबाद में 2,900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद करके एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। इस 2,900 किलोग्राम विस्फोटक में गनई के किराए के मकान से बरामद 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ भी शामिल था।
जिसके बाद उमर ने शहर की एक मस्जिद में शरण ली, जहां वह सोमवार शाम को तीन घंटे तक रुका और फिर गाड़ी चलाकर निकल गया। इस दौरान शायद समय से पहले ही एक विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने बताया कि VBIED भी अधूरा था, क्योंकि छर्रे अभी असेंबल नहीं किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से सात कश्मीर के हैं। ये हैं श्रीनगर के नौगाम से आरिफ निसार डार उर्फ साहिल, यासिर-उल-अशरफ और मकसूद अहमद डार उर्फ शाहिद, शोपियां से मौलवी इरफान अहमद, गंदेरबल के वाकुरा इलाके से जमीर अहमद अहंगर उर्फ मुतलाशा, पुलवामा के कोइल इलाके से डॉ. मुज़म्मिल अहमद गनई उर्फ मुसैब और कुलगाम के वानपोरा इलाके से डॉ. अदील। जबकि डॉ. शाहीन सईद लखनऊ की है।
26 अक्टूबर को, उमर कश्मीर गया था और फरीदाबाद लौटने से पहले उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ कुछ समय बिताया। अधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा के दौरान, उसने अपने करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों से कहा था कि वह अगले तीन महीनों तक उपलब्ध नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि बहुत संभव है कि वह VBIED लगाना चाहता था और फिर कुछ समय के लिए भूमिगत हो जाना चाहता था।
हालांकि, श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के एक मामले में श्रीनगर पुलिस की गहन जांच के बाद गनई की गिरफ़्तारी से उनकी यह योजना पूरी नहीं हो सकी। ये पोस्टर 19 अक्टूबर को शहर की दीवारों पर चिपकाए गए थे। यही जांच का शुरुआती बिंदु था। सीसीटीवी फुटेज में गनई और कुछ अन्य लोगों को इस कृत्य में शामिल दिखाया गया, जिसके बाद इस पूरे अंतर-राज्यीय आतंकी नेटवर्क का पर्दाफ़ाश हुआ।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




