Hindi Newsएनसीआर NewsObsessed Teacher Bizarre Ploy to Win Principal Attention in Delhi School
कैंसर,मौत की झूठी अफवाह से लेकर जादू-टोना तक… प्रिसिंपल की दीवानगी में महिला टीचर की सनक

कैंसर,मौत की झूठी अफवाह से लेकर जादू-टोना तक… प्रिसिंपल की दीवानगी में महिला टीचर की सनक

संक्षेप:

दिल्ली के सदर बाजार में एक कॉन्ट्रैक्ट टीचर ने अपनी प्रिंसिपल का ध्यान आकर्षित करने के लिए झूठे कैंसर, अपनी मौत की अफवाह, काला जादू और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल का सहारा लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Sep 13, 2025 06:10 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल के प्रति 22 साल की एक कॉन्ट्रैक्ट टीचर की सनक ने सभी को हैरान कर दिया। इस युवती ने अपनी पूर्व शिक्षिका, जो अब स्कूल की प्रिंसिपल हैं, की अटेंशन पाने के लिए ऐसी-ऐसी हरकतें कीं, जो किसी थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं। कैंसर का झूठा दावा, अपनी मौत की अफवाह और जादू-टोने के साथ फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल तक बनाई गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

फर्जी प्रोफाइल और बदनामी की साजिश

पुलिस को अगस्त के अंत में एक 25 साल की शिक्षिका की शिकायत मिली, जो उसी स्कूल में पढ़ाती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी ने उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया, जिसमें उनकी AI-जनरेटेड फोटोशॉप्ड तस्वीरें अपलोड की गईं। इन तस्वीरों को स्कूल के स्टाफ और छात्रों को भेजकर उनकी बदनामी की कोशिश की गई। डीसीपी (नॉर्थ) राजा बंथिया ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर 6 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 319 (धोखाधड़ी), 336(2) (जालसाजी), और 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने IP लॉग्स, रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल नंबर के जरिए कुछ ही घंटों में आरोपी युवती को ट्रेस कर लिया। पूछताछ में उसने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन डिजिटल सबूतों ने उसकी साजिश को बेनकाब कर दिया। बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रिंसिपल के लिए जुनून

जांच में पता चला कि आरोपी युवती 2022 में इस स्कूल में कुछ समय के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर पढ़ा चुकी थी और उसकी पढ़ाई भी यहीं हुई थी। उस समय प्रिंसिपल उसकी शिक्षिका थीं, जिन्हें वह अपनी मेंटॉर मानती थी। जब इस साल जून में उसकी मेंटॉर स्कूल की प्रिंसिपल बनीं, तो युवती का उनके प्रति जुनून और बढ़ गया। वह बार-बार कॉल और मैसेज करती थी। लेकिन जब प्रिंसिपल के पति ने उसे टोकते हुए कम संपर्क करने को कहा, तो प्रिंसिपल ने भी उससे दूरी बना ली। इससे युवती बेचैन हो गई।

कैंसर और मौत का ड्रामा

प्रिंसिपल का ध्यान खींचने के लिए युवती ने पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने कैंसर का झूठा दावा किया। यह वीडियो स्कूल के स्टाफ और छात्रों तक पहुंचाया गया, लेकिन प्रिंसिपल ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने अपनी मौत की अफवाह फैलाई, अपनी तस्वीर पर माला चढ़ाकर इसे वायरल कर दिया। फिर भी प्रिंसिपल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

जादू-टोना और फर्जी अकाउंट

जब ये नाटक काम नहीं आए, तो युवती ने एक और शिक्षिका, जो प्रिंसिपल के करीब थी, के खिलाफ साजिश रची। उसने AI टूल्स का इस्तेमाल कर उस शिक्षिका की फोटोशॉप्ड तस्वीरें बनाईं और उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर बदनामी की कोशिश की। पुलिस को जांच में तीन पर्चियां भी मिलीं, जिनमें रहस्यमयी चिह्न, नंबर, और युवती व प्रिंसिपल के नाम लिखे थे, जो जादू-टोने की ओर इशारा करते हैं।

पुलिस का कहना है कि मामला अभी पूरी तरह से सुलझा नहीं है। युवती की हरकतों के पीछे की मानसिक स्थिति और अन्य संभावित साजिशों की जांच की जा रही है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।