यह न्याय की शुरुआत; ताहिर हुसैन को मिली सजा पर बोले मंत्री कपिल मिश्रा, जताई एक बात की उम्मीद
अदालत ने पांचों दोषियों को दंगा करने, घातक हथियार के साथ दंगा करने, अपहरण और हत्या जैसे अपराधों के लिए भी सजा सुनाई। इसके अलावा कोर्ट ने ताहिर हुसैन पर 5 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया।

दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने साल 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान हुई IB अधिकारी अंकित शर्मा की नृशंस हत्या के मामले में AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने इस केस के बाकी सभी आरोपियों को भी IPC की धारा 302 के तहत उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत का फैसला आने के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने ताहिर हुसैन को मिली सजा को न्याय की शुरुआत बताया और साथ ही उम्मीद जताई कि हाई कोर्ट इस सजा को फांसी में बदल दिया जाएगा।
अदालत का फैसला आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल मिश्रा ने लिखा, 'ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा न्याय की शुरुआत है। जिस निर्दयता के साथ अंकित शर्मा जी को मारा गया , मृत्यु के बाद भी चाकुओं से गोदा जाता रहा, शव को नाले में फेंक दिया गया, ये निश्चित तौर पर 'Rarest of Rare' (बेहद दुर्लभ) है। उच्च न्यायालय में ये उम्रकैद को फांसी में बदला जाए, ऐसी आशा है। उधर अदालत से ले जाते समय ताहिर ने कहा कि 'मुझे हाईकोर्ट से न्याय मिलेगा'।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने AAP को निशाने पर लिया
उधर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने ताहिर हुसैन को मिली सजा पर कहा, ‘आम आदमी पार्टी का नेता ताहिर हुसैन जब पूर्वी दिल्ली में दंगा भड़का रहा था, उसी समय IB अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या की गई, जिसमें कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई है। जब हत्या के आरोप में ताहिर हुसैन की गिरफ्तारी हुई, तो लंबे समय तक AAP के नेता और खुद अरविंद केजरीवाल भी उसका समर्थन करते रहे।’
आगे उन्होंने कहा, 'आम आदमी पार्टी के लोग अराजक हैं, उनके नेता अराजक हैं और ये लोग जंतर-मंतर पर इस्तीफे की मांग कर रहे थे? आम आदमी पार्टी को दिल्ली की जनता ने नकारा है और पंजाब की जनता भी उनका ऐसा चेहरा देखने के बाद, AAP और अरविंद केजरीवाल को पंजाब से भी भगाएगी।'
इसके बाद उन्होंने कहा, 'AAP को जवाब देना चाहिए, अरविंद केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि वे क्यों ताहिर हुसैन जैसे लोगों को अपनी पार्टी में रखते हैं। अभी कुछ समय पहले तक अरविंद केजरीवाल और उनके मौजूदा विधायक ताहिर हुसैन का समर्थन कर रहे थे।'
कोर्ट ने ताहिर पर जुर्माना भी लगाया
अदालत ने पांचों दोषियों को दंगा करने, घातक हथियार के साथ दंगा करने, अपहरण और हत्या जैसे अपराधों के लिए भी सजा सुनाई। इसके अलावा कोर्ट ने ताहिर हुसैन पर 5 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।


