नूंह में तूफान ने मचाई तबाही, दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत; गम में बदलीं ईद की खुशियां
नूंह जिले में गुरुवार देर शाम आए तूफान के चलते दो गांवों में हुए दो दर्दनाक हादसों में दो बच्चों की जान चली गई। कई बिजली के पोल और पेड़ गिर गए, जिससे अनेक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

हरियाणा के नूंह जिले में गुरुवार देर शाम आए तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। पहले धूल भरी आंधी चली, फिर तेज बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। खराब मौसम के कारण कई बिजली के पोल और पेड़ गिर गए, जिससे अनेक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान टपकन और चंदेनी गांवों में दो दर्दनाक हादसों में दो बच्चों की जान चली गई।
टपकन गांव के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की करीब 30 से 35 फुट लंबी दीवार तूफान में गिर गई। इसकी जद में वहां खेल रहे गांव के बच्चे आ गए। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे चार बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे में 15 साल के मोहम्मद अयान पुत्र अजहरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासिक, कामिल और वसीम घायल हो गए। इन सभी की उम्र 10 से 15 साल के बीच है। घायलों को शाहिद हसन मेवाती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, चंदेनी गांव में भी तूफान में दीवार गिरने से 9 साल के अनसेद खान की मौत हो गई। अनशेद अपने घर की दीवार के पास खड़ा हुआ था, तभी तेज हवा के कारण यह दीवार उसके ऊपर गिर गई। वह आरके इंटरनेशनल स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता था।
गम में बदली ईद की खुशियां
टपकन गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दीवार के पास गांव के 8 से 10 बच्चे वहां खेल रहे थे और आंधी से बचने के लिए दीवार का सहारा लेकर खड़े हो गए थे। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे पांच बच्चे मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया, लेकिन तब तक मोहम्मद अयान की मौत हो चुकी थी। बाकी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गांव चंदेनी में 9 साल का अनसेद खान भी इसी तरह के हादसे का शिकार हुआ। ईद के दिन हुए इन दर्दनाक हादसों ने पूरे इलाके को गमजदा कर दिया। आंधी और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
9 जिलों में बारिश-आंधी के साथ ओले गिरे
भीषण गर्मी से जूझ रहे हरियाणा में वीरवार शाम को 9 जिलों में रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखीदादरी और फतेहाबाद में बारिश-आंधी के साथ ओले गिरे। फतेहाबाद के जांडवाला बांगर में तूफान के चलते मोबाइल टावर ही बीच से टूट कर नीचे की ओर लटक गया। वहीं, हिसार में हाइटेंशन बिजली टावर टूट गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 5 जिलों यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, पानीपत, सोनीपत में तेज धूल भरी हवाओं और गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
रिपोर्ट: मोनी देवी


