
युवक की हत्या के आरोपियों को मुठभेड़ में गोली लगी
कैमराला गांव में युवक हरकेश की पीटकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। हरकेश और मोहित पर कुछ युवकों ने हमला किया था, जिसमें हरकेश की मौत हो गई। आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
दादरी, संवाददाता। कैमराला गांव में रविवार की रात युवक हरकेश की पीटकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कैमराला गांव में रविवार की रात रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर हुए विवाद में हरकेश भाटी और मोहित पर गांव के कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। घटना में सिर पर चोट लगने से हरकेश की मौत हो गई थी, जबकि मोहित का उपचार यथार्थ अस्पताल ग्रेटर नोएडा में चल रहा है।
मृतक परिवार ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में प्रशांत निवासी कैमराला और प्रशांत निवासी निदामपुर सिकंद्राबाद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार की रात दोनों को रुकने का इशारा किया। इस पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर की गई फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया। जानकारी के अनुसार हत्या में शामिल सभी आरोपी हरकेश के साथ पढ़े, खेले-कूदे और बड़े हुए। ग्रामीणों की मानें तो गांव में किसी भी युवक का कोई बड़ा अपराधिक इतिहास नहीं है। गांव में कोई ज्यादा बड़ी रंजिश भी सामने नहीं आ रही। रविवार को दिन में हरकेश और नामजद आरोपी किक्रेट खेले थे और रात को हत्या की गई। शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया हरकेश की हत्या के मामले में पांच लोग नामजद हैं, जबकि दो अज्ञात हैं। पुलिस को जांच में पता चला है कि रात के समय करीब डेढ़ बजे हरकेश और मोहित कार लेकर गांव आ रहे थे। गली में कार खड़ी करने का लेकर प्रशांत आदि से इनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रशांत आदि ने वहां रखे लाठी-डंडों से हरकेश और मोहित पर हमला कर दिया था। हरकेश की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे। गांव में मंगलवार को भी पीएसी तैनात रही मृतक और आरोपी दोनों एक ही गांव के हैं, इसलिए गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव के ज्यादातर युवक फरार हैं। गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। पीएसी गांव के हर मोहल्ले में पैदल गश्त कर रही है। साथ ही, पुलिस के अधिकारी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। --- प्राथमिक जांच में पता चला है कि हरकेश और मोहित पर हमला करने वाले सभी आरोपी नशे में थे। नशे में हुई कहासुनी के बाद घटना हुई। दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तार के लिए टीम जुटी है। -सुधीर कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




