Noida News: चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बाइक, मोबाइल लेकर फरार
Noida News: ग्रेटर नोएडा के खेड़ा चौगानपुर में एक चाय की दुकान पर बाइक सवार युवक को नशीली चाय देकर बेहोश किया गया। आरोपी ने युवक का मोबाइल, पर्स और बाइक चुरा ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है और आरोपी की पहचान के लिए प्रयासरत हैं।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। ग्रेनो वेस्ट के खेड़ा चौगानपुर गोल चक्कर के समीप एक चाय की दुकान पर बाइक सवार युवक को निशाना बनाया गया। पीड़ित का आरोप है कि एक आरोपी ने उसकी चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल, पर्स और बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक खेड़ा चौगानपुर गांव में राहुल किराए के मकान में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि वह 13 अगस्त को गांव के बाहर गोल चक्कर के पास दुकान पर चाय पीने के लिए पहुंचा था।
पीड़ित ने बताया कि उसने दुकान से चाय और समोसा लिया। इसी बीच एक आरोपी वहां पहुंचा और उसकी चाय में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया। पीड़ित चाय और समोसा खाते ही। बेहोश हो गया। इसी बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर उसकी बाइक, मोबाइल और पर्स लेकर भाग गया। पीड़ित के होश में आने पर घटना के बारे में पता चला। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।


