
दूसरे समुदाय के युवक से शादी की, परिजनों से जान का खतरा
दनकौर की एक युवती ने अपनी मर्जी से दूसरे समुदाय के युवक से शादी की है। उसने अपने परिवार से जान का खतरा जताया है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह अपनी शादी के बारे में बता रही है। उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई है।
दनकौर, संवाददाता। कस्बे निवासी युवती ने अपनी मर्जी से दूसरे समुदाय के युवक से शादी कर ली। युवती ने अब अपने परिवार से अपनी और पति की जान का खतरा जताया है। युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया है। इसके अलावा पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने कहा कि उसने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसने बालिग होने के नाते किसी भी प्रकार के दबाव के बिना आठ दिसंबर को दिल्ली स्थित मंदिर में दनकौर निवासी राहुल के साथ शादी की। उसके परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं और उनकी ओर से उसे और उसके पति को जान का खतरा है।

युवती ने बताया कि परिवार से मिल रही धमकियों के चलते वह और राहुल भयभीत हैं। इसी वजह से उसने दनकौर पुलिस और पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर को प्रार्थना पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का कहना है कि उसके परिवार वाले उसके और राहुल के साथ किसी भी समय अनहोनी कर सकते हैं, इसलिए पुलिस सुरक्षा आवश्यक है। हालांकि, दनकौर पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो वायरल कर सुरक्षा मांगी युवती का शादी का वीडियो और युवती का स्वयं का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती कह रही है कि उसने पूरी इच्छा और आजादी के साथ यह शादी की है। उसने पुलिस प्रशासन से अपील कि उसे और उसके पति को उचित सुरक्षा दी जाए, ताकि वे बिना डर के अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर सकें। पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी पुलिस ने बताया कि युवती के गायब होने पर उसके पिता रहीश ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सात दिसंबर को कस्बे के सुखामल अस्पताल में अपनी ताई को देखने गई थी, इसके बाद घर नहीं लौटी। पुलिस का कहना है कि युवती की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


