प्रतिभाओं के लिए टेडेक्स अवॉर्ड का हुआ आयोजन
- रविवार को भारी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने नवाचार, तकनीक और युवा प्रतिभा के

नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में आयोजित वर्ल्ड रोबोटिक गेम्स टेक्नोशियन प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्रों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। दिनभर रोबोटिक्स मुकाबले हुए और प्रतिष्ठित टेडेक्स अवॉर्ड का आयोजन हुआ। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन द्वारा आयोजित इस आयोजन में रविवार को हजारों दर्शक पहुंचे और नवाचार, तकनीक व युवा प्रतिभा का शानदार संगम देखा। सभी एरेना रोमांचक वर्ल्ड कप टूर्नामेंट्स से गूंज उठे, जहां 60 से अधिक देशों के प्रतिभागियों ने अपने कौशल और नवाचार का प्रदर्शन किया। सटीकता पर आधारित रोबोरेस से लेकर जोरदार बॉट्स कॉम्बैट तक, हर प्रतियोगिता ने दर्शकों को सीट से उठने नहीं दिया और रोबोटिक्स की असीम संभावनाओं का जश्न मनाया।
दिन का मुख्य आकर्षण रहा बहुप्रतीक्षित टेडेक्स अवॉर्ड सेरेमनी रही, जिसमें उन दूरदर्शी नवप्रवर्तकों, उद्यमियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया जो भविष्य की तकनीक को दिशा दे रहे हैं। इस अवसर पर कई नामचीन हस्तियां, उद्योग जगत के नेता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिसने आयोजन की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा टेक्नॉक्सियन अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है, जहां तकनीक विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और सपनों को जोड़ती है। दूसरे दिन की सफलता यह साबित करती है कि रोबोटिक्स आने वाली पीढ़ी को समस्या समाधान और बदलाव की नई सोच दे रही है। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों से लेकर विश्वविद्यालय स्तर के रिसर्च ग्रुप तक की भागीदारी देखने को मिली, जिसने साबित किया कि टेक्नॉक्सियन नवाचार का सशक्त मंच है। प्रतियोगिताओं के अलावा, दर्शकों ने 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों के साथ संवाद किया, जिससे व्यापार और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं का शानदार माहौल बना। आने वाले दिनों में और भी क्रांतिकारी तकनीकी प्रस्तुतियां, सहयोग और रचनात्मकता देखने को मिलेंगी। टेक्नॉक्सियन वर्ल्ड कप 9.0 वास्तव में नवाचार का वैश्विक उत्सव है, जो ऑटोमेशन और रोबोटिक्स के भविष्य की दिशा तय कर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




