नोएडा। नववर्ष 2021 के पहले दिन शुक्रवार को भक्तों ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन किया। सेक्टर-33 इस्कॉन मंदिर में अखंड भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। सिख समाज के लोगों ने गुरुद्वारों में जाकर माथा टेका। इस इस दौरान भक्तों ने ईश्वर से सुख समृद्धि और कोरोना संक्रमण से मुक्ति की प्रार्थना की।
शुक्रवार सुबह होते ही शहर के सेक्टर-19 सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-20 हनुमान मंदिर,सेक्टर-100 वोडा महादेव मंदिर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी। वर्ष के पहले दिन अनेक लोगों ने भगवान का विधि विधान के साथ पूजन अर्चन किया। संक्रमण के चलते मंदिरों में भंडारे और सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया। सेक्टर 12 गायत्री चेतना केंद्र में एक कुंडीय हवन का आयोजन किया गया।
भगवान कृष्ण का सोलह श्रृंगार
सेक्टर-33 इस्कॉन मंदिर में भगवान श्री कृष्ण राधा रानी के साथ सोहल श्रृंगार करके भक्तों को दर्शन दिए। भक्तों की भीड़ को देखते हुए व्यापक व्यवस्था की गई थी। कोविड के चलते मंदिर में सामाजिक दूरी का पालन किया गया। पूरे कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण भी किया गया।
गुरुद्वारा में भक्तों ने टेका माथा
सिख समाज के लोगों ने शुक्रवार को सेक्टर-18, सेक्टर-12 गुरुद्वारा पहुंचे और माथा टेक बेहतर जीवन की कामना की। इस दौरान कई गुरुद्वारों में शबद कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का दौर
गुरुवार रात बारह बजते ही लोग एक दूसरे को नए वर्ष की शुभकामनाएं देने लगे। यह सिलसिला शुक्रवार देर रात तक चलता रहा।