
शादियों के मौसम में बाजारों की रौनक बढ़ी
संक्षेप: नोएडा में शादी का सीजन शुरू हो चुका है। 15 दिसंबर तक शहर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। नवंबर और दिसंबर 2025 में दो हजार से अधिक शादियों की उम्मीद है। आभूषणों की खरीदारी बढ़ गई है, और बैंड, वीडियोग्राफी, और बैंक्वेट हॉल में भी बुकिंग तेजी से हो रही है।
नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। शादी का सीजन शुरू हो चुका है। 15 दिसंबर तक शहर में शहनाइयों और बैंडबाजों की गूंज सुनाई देगी। शादियों की खरीदारी के कारण बाजारों में भी रौनक है। शहर के प्रमुख व्यापार संगठनों ने जिले के बाजारों में बेहतर कारोबार की उम्मीद जताई है। देवउठनी एकादशी के साथ शादियों का सीजन शुरू हो चुका है। जिले में नवंबर और दिसंबर 2025 में करीब दो हजार से अधिक शादियां होने की उम्मीद जताई जा रही है। सेक्टर 18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के अनुसार इन दिनों अकेले आभूषणों की करोड़ों रुपये की खरीदारी होगी। प्रमुख व्यापारी संगठन के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने बताया कि सेक्टर 5 हरौला, सेक्टर 27 की इंदिरा मार्केट समेत तमाम बाजारों में घर की सजावट, साज-सज्जा, दूल्हा-दुल्हन के साज-सामान, परिधान, आभूषण और उपहारों से लेकर आयोजन स्थल बुकिंग और सजावट तक, सभी श्रेणियों में मांग बढ़ी हुई है।

शादियों का मौसम स्थानीय व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं के लिए महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसर लेकर आएगा। वहीं फनीर्चर और बर्तन कारोबार में भी तेजी आ रही है। 20-60 हजार में बैंड की बुकिंग बैंड बाजे की इन दिनों बुकिंग जारी है। सेक्टर-101 सलारपुर निजी बैंड संचालक सोनू ने बताया कि इस बीच शादी बारात के लिए 20 हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक के बैंड की बुकिंग की जा रही है। इसके अलावा यदि ग्राहक चाहता है तो उन्हें अलग से चार्ज के अनुसार कैटरिंग, घोड़े या बग्घी या विंटेज कार समेत फ्लावर डेकोरेशन करते दिया जाता है। इसके शुल्क अलग अलग रहते हैं। वीडियोग्राफी में एक लाख तक खर्च सेक्टर-22 स्थित स्टूडियो के मालिक एचएस चौधरी ने बताया कि अब आजकल लोग अपनी शादी के लिए छह-छह महीने पहले से ही बुकिंग करा लेते हैं। खासकर प्री वेडिंग शूट से लेकर स्टील फोटोग्राफी और अन्य तरह के आकर्षक पैक भी पसंद किए जाते हैं। सभी के रेट अलग अलग हैं। आमतौर पर लोग अपने सिर्फ शादी की फोटोग्राफी के लिए 35000 से लेकर 1 लाख तक के पैक पसंद करते हैं। बैंक्वेट हॉल में एक दिन में दो-दो शादियां सेक्टर-51 स्थित निजी बैंक्वेट हॉल के संचालक एसके सिंह ने बताया कि अब बढ़ती डिमांग के चलते एक ही दिन में दो-दो शादियां कराई जा रही हैं। असल में आजकल दिन में भी विवाह का चलन भी बढ़ रहा है। ऐसे में समय प्रबंधन के अनुसार विवाह समारोह संपन्न कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इन दिनों लगातार बुकिंग की कॉल उन तक पहुंच रही है। लेकिन कम शुभ मुहूर्त के चलते एक ही दिन के लिए कई कई कॉल्स आ रही हैं, लेकिन लोग पहले से ही उन दिनों की बुकिंग कराए हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




