Noida News: युवकों ने स्कूल में घुसकर छात्रों को पीटा
Noida News: ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। सुरजपुर क्षेत्र के खेड़ी गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सुरजपुर क्षेत्र के खेड़ी गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस पर छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया है। आठ-दस युवक स्कूल परिसर में पहुंचे और 12वीं कक्षा के चार छात्रों के साथ मारपीट की। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षक दिवस पर शनिवार को दोपहर करीब एक बजे स्कूल में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि 12वीं कक्षा के एक छात्र ने 10वीं के छात्र लीली को थप्पड़ मार दिया। लीली ने इसकी जानकारी अपने भाई और 12वीं के छात्र आदित्य सिंह को दी। आदित्य ने थप्पड़ मारने वाले छात्र से कारण पूछा और विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज छात्र ने अपने पिता प्रमोद को स्कूल बुला लिया। कुछ देर बाद प्रमोद के साथ आठ-दस युवक स्कूल परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि स्कूल में घुसते ही उन्होंने छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्कूल गेट के पास मयंक सिंह के साथ मारपीट की गई, जबकि परिसर के अंदर आदित्य सिंह को घेरकर पीटा गया। इस दौरान करीब चार छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है.
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मारपीट के दौरान स्कूल में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। इस मामले में आदित्य के पिता अमर सिंह ने सूरजपुर थाने में शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


