ट्विशा शर्मा केस : पुलिस ने परिवार से कहा, पार्थिव शरीर ले जाइए

Newswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

भोपाल पुलिस ने 33 वर्षीय अभिनेत्री ट्विशा शर्मा के परिजनों से शव लेने का अनुरोध किया है। शव खराब होने की आशंका के चलते पुलिस ने यह पत्र लिखा। ट्विशा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुनः पोस्टमार्टम की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

ट्विशा शर्मा केस :   पुलिस ने परिवार से कहा, पार्थिव शरीर ले जाइए

भोपाल, नोएडा, एजेंसी। मध्य प्रदेश की भोपाल पुलिस ने बुधवार को 33 वर्षीय अभिनेत्री ट्विशा शर्मा के परिजनों से उसका शव लेने का अनुरोध किया। पुलिस ने यह अनुरोध शव के खराब होने की आशंकाओं के मद्देनजर किया। भोपाल के कटारा हिल्स थाने के प्रभारी ने ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा को पत्र लिखकर कहा कि उनकी बेटी का पोस्टमार्टम 13 मई को हुआ था। वर्तमान में शव माइनस चार डिग्री सेल्सियस तापमान पर भोपाल स्थित एम्स के मुर्दाघर में रखा गया है। शव को खराब होने से रोकने के लिए शून्य से 80 डिग्री सेल्सियस नीचे का तापमान चाहिए और यह सुविधा एम्स भोपाल में नहीं है। पत्र में कहा गया है कि लंबे समय से मृतका का शव मुर्दाघर में है, जिसके खराब होने की पूरी आशंका है। पुलिस ने नवनिधि शर्मा से जल्द से जल्द ट्विशा का शव लेने का आग्रह किया।

ट्विशा के दूसरे पोस्टमार्टम पर कोई आपत्ति नहीं

भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बुधवार को कहा कि ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम पर पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है। नोएडा निवासी शर्मा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग संबंधी अर्जी दायर की है। कुमार ने कहा, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग वाला आवेदन केस डायरी के साथ संलग्न कर दिया गया है, लेकिन इसकी अनुमति देने का अधिकार अदालत के पास है। यदि दूसरा पोस्टमार्टम होता है तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। हमने अपनी जांच की है। इसमें थोड़ा समय लगता है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित

पुलिस आयुक्त सकुमार ने बताया कि ट्विशा के पति और अधिवक्ता समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। समर्थ और ट्विशा का विवाह दिसंबर 2025 में हुआ था। वहीं, परिजनों ने अपनी अर्जी में जांच में लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि ट्विशा के मृत पाए जाने के तीन दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

आयोग ने रिपोर्ट और विस्तृत जानकारी मांगी

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने टि्वशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में मध्य प्रदेश सरकार से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। एनसीडब्ल्यू ने एक्स पर कहा, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्विशा की शादी के मात्र पांच महीने बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीड़िता के परिवार ने उसके पति समर्थ और सास गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।आयोग ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में लापरवाही या प्रभाव का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।

पूर्व सैनिकों ने भोपाल में बाइक रैली निकाली

भोपाल, एजेंसी। पूर्व सैनिकों ने बुधवार को भोपाल में बाइक रैली निकालकर नोएडा की महिला ट्विशा शर्मा को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने मामले की जांच मध्य प्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की भी मांग की। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि वे ट्विशा शर्मा मामले से संबंधित मांगों का ज्ञापन राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को सौंपने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं। वर्दी फाउंडेशन के संस्थापक मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त) ने कहा, हम कह रहे हैं कि अभी भी समय है और पूरी तरह निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

न्याय की कोई उम्मीद नहीं : पिता

भोपाल, एजेंसी। ट्विशा शर्मा के पिता नवनीधि शर्मा ने बुधवार को कहा कि परिवार को भोपाल प्रशासन, पुलिस और न्यायपालिका से न्याय मिलने की अब कोई उम्मीद नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर देरी की गई, ताकि शव सड़ जाए। नवनीधि शर्मा ने कहा, आरोपियों ने अपने मकसद में सफलता हासिल कर ली है। हमें डर था कि दूसरे पोस्टमार्टम की अनुमति देने में जानबूझकर देरी की जा रही है, ताकि शव सड़ जाए, और वही हुआ।

ट्विशा के पिता ने कहा, वे शव को सड़ाने में सफल हो गए। आज भोपाल प्रशासन ने भी कह दिया कि वे अब शव को सुरक्षित रखने में सक्षम नहीं हैं। यह हमारे साथ यातना जैसा व्यवहार है। हमें मजबूर किया जा रहा है कि हम शव को ले जाएं। किसी ने भी स्वत: संज्ञान नहीं लिया। हमें एक अदालत से दूसरी अदालत तक भटकाया गया, जिससे गिरीबाला सिंह अपना उद्देश्य हासिल कर सकें, और आखिरकार वही हुआ।

सामान्य प्रश्न

ट्विशा शर्मा का शव कब पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था?
ट्विशा शर्मा का पोस्टमार्टम 13 मई को हुआ था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।