
गमगीन माहौल में इंफ्ल्यूएंसर अनुनय के शव का किया दाह संस्कार
संक्षेप: - सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास पर बड़ी संख्या में सांत्वना देने पहुंचे लोग -
नोएडा, संवाददाता। ट्रैवल इंफ्ल्यूएंसर अनुनय सूद के शव का मंगलवार दोपहर सेक्टर-94 स्थित अंतिम आवास पर गमगीन माहौल में दाह संस्कार कर दिया गया। इस दौरान शोक में डूबे उनके परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अमेरिका के लास वेगास में संदिग्ध परिस्थितियों में अनुनय सूद की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुनय के माता-पिता पिछले 31 वर्षों से सेक्टर-12 में रहते हैं। उन्हें ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को अनुनय पर गर्व था। वह अक्सर नोएडा अपने माता-पिता से मिलने आते रहते थे। उनकी दो बड़ी बहन दुबई में रहती हैं।

यही नहीं, उनके चाहने वाले सिर्फ भारतीय नहीं बल्कि विदेशी भी हैं। सोशल मीडिया पर अनुनय के ट्रैवल ब्लॉग्स और फोटोग्राफी को लोग खूब पसंद करते हैं। वहीं, दूसरी ओर अनुनय की मौत की घटना की जानकारी परिजन द्वारा स्पष्ट होने के बाद से ही उनके घर में अनुनय के चाहने वालों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों का घर आने का सिलसिला लगातार जारी है। बता दें कि परिजनों ने बीते गुरुवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट जारी कर अनुनय सूद के निधन की पुष्टि की थी, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक अनुनय वीडियो शूट कर लास वेगास स्थित होटल के कमरे पर पहुंचे थे, लेकिन सुबह नहीं उठे। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। तब से उनके परिजन शव को वापस नोएडा लाने के लिए लगातार प्रयासरत थे। सोमवार शाम अनुनय का शव नोएडा पहुंचा। मंगलवार सुबह सेक्टर-12 स्थित घर से शव को सेक्टर-94 में ले जाया गया। जहां दोपहर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




