बिजली का ट्रांसफार्मर फटने से दो युवक झुलसे

Feb 27, 2026 08:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

सेक्टर-18 में मल्टीलेवल पार्किंग के पास शुक्रवार शाम एक ट्रांसफार्मर फट गया, जिससे आग लगी और गरम तेल गिरा। हादसे में विजय कुमार और हर्ष नाम के दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बिजली विभाग से रिपोर्ट मांगी है और जांच शुरू कर दी है।

बिजली का ट्रांसफार्मर फटने से दो युवक झुलसे

सेक्टर-18 में मल्टीलेवल पार्किंग के पास हादसा, धमाके के बाद जलता हुआ तेल नीचे गिरा नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। धमाके के साथ आग की लपटें उठीं और ऊपर से गरम तेल नीचे गिरने लगा। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान सेक्टर-44 की गली नंबर तीन निवासी विजय कुमार और दिल्ली के न्यू अशोक नगर निवासी हर्ष के रूप में हुई है। विजय की उम्र 23 साल है, जबकि हर्ष की 33 साल है।

दोनों सेक्टर-18 के एक मॉल में काम करते हैं। पुलिस के अनुसार शाम करीब चार बजे दोनों युवक चाय पीने के लिए पार्किंग के पास पहुंचे थे। उसी समय ट्रांसफार्मर में तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद ट्रांसफार्मर से जलता हुआ तेल नीचे गिरा, जिसकी चपेट में आकर दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कई दुकानदारों ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाने की कोशिश की और पुलिस और दमकल को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि, आग ज्यादा नहीं थी। ऐसे में टीम ने महज दो से तीन मिनट में ही आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवक करीब 50 प्रतिशत से अधिक झुलसे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच के लिए बुलाया। सेक्टर 18 नोएडा का सबसे प्रमुख बाजार है। यहां पर रोजाना पांच से 10 हजार लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। जिस समय घटना हुई, उस समय भी सेक्टर 18 में हजारों लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे थे। गनीमत रही कि जहां पर यह घटना हुई, वहां ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी, वरना हादसा और बड़ा हो सकता था। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही ट्रांसफार्मर में धमाका हुआ, आवाज काफी दूर तक सुनाई पड़ी। देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों को लगा कि किसी गाड़ी या अन्य जगह पर विस्फोट हुआ है। जब ट्रांसफार्मर से उन लोगों ने लपटें और धुआं निकलता देखा तब उन्हें पूरा मामला समझ में आया। जिस समय घटना हुई, कुछ पुलिसकर्मी भी वहीं पर ड्यूटी कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। बिजली विभाग से रिपोर्ट मांगी विशेषज्ञों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और मॉल के पास लगे ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच अनिवार्य होनी चाहिए। ओवरलोडिंग रोकने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। तेल रिसाव और तारों की स्थिति की समय-समय पर जांच हो। साथ ही, ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेरा और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि लोग बहुत करीब न जाएं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बिजली विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ट्रांसफार्मर में आग लगने का यह हो सकता है कारण: ट्रांसफार्मर फटने या उसमें आग लगने के कई कारण हो सकते हैं। बाजार और मॉल वाले इलाकों में बिजली की खपत ज्यादा होती है। अधिक लोड पड़ने से ट्रांसफार्मर गर्म होकर फट सकता है। तारों में खराबी या ढीले कनेक्शन से स्पार्किंग होती है, जिससे आग लग सकती है। ट्रांसफार्मर में कूलिंग के लिए तेल भरा होता है। लीकेज होने पर तेल गरम होकर आग पकड़ सकता है। नियमित जांच और सर्विसिंग न होने पर उपकरण कमजोर हो जाते हैं।कई जगह पुराने ट्रांसफार्मर अब भी चल रहे हैं, जो ज्यादा दबाव नहीं झेल पाते। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका लग रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण साफ होगा। नोएडा में पहले भी हो चुके ऐसे हादसे 12 जून 2019: सेक्टर-22 में एक ट्रांसफार्मर में आग लगने से आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई थी। 5 अगस्त 2021: सेक्टर-62 के औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फटने से बिजली आपूर्ति कई घंटे बाधित रही थी। 18 अप्रैल 2023: सेक्टर-75 की सोसाइटी के बाहर ट्रांसफार्मर में आग लगने से वाहनों को नुकसान पहुंचा था। 7 सितंबर 2024: सेक्टर-15 में बाजार के पास ट्रांसफार्मर फटने से एक कर्मचारी झुलस गया था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।