
प्रेमी से झगड़े के बाद महिला अधिवक्ता ने फंदा लगाकर जान दी
संक्षेप: नोएडा में एक महिला अधिवक्ता ने शादी का झांसा देकर प्रेमी के मुकर जाने के बाद आत्महत्या कर ली। प्रेमी अभिप्रव ने युवती को मानसिक रूप से परेशान किया और उसकी अंतरंग वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। शादी का झांसा देकर प्रेमी के मुकर जाने के बाद महिला अधिवक्ता ने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रेमी के झगड़ा करने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया। मृतका के पिता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-105 निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है। नोएडा में वह दो मंजिला मकान में तीन बच्चों और पत्नी के साथ रहते हैं। उनकी 24 वर्षीय बेटी ने बीते साल फरीदाबाद के मानव रचना विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी।

कोर्स पूरा करने के बाद उसने बिहार के पटना निवासी अभिप्रव सिंह की फर्म में इंटर्नशिप की। दिल्ली के पंचशील पार्क के पास स्थित अभिप्रव की फर्म में इंटर्नशिप के बाद वह सैलरी पर अपने सेवाएं देनी लगी। वर्तमान में सेक्टर-76 के आम्रपाली सिलिकॉन सिटी में रहने वाले अभिप्रव ने युवती से नजदीकी बढ़ाकर दोस्ती कर ली। जल्द ही दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब एक साल पहले शादी का झांसा देकर अभिप्रव ने अधिवक्ता युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसकी अभिप्रव ने चुपके से वीडियो भी बना ली। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। जब इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को हुई तो उसने अभिप्रव से इस बारे में पूछा। गलती मानते हुए उसने शिकायतकर्ता की बेटी से ही शादी करने की बात कही। शक होने पर जब शिकायतकर्ता ने अभिप्रव के बारे में और जानकारी एकत्र करनी शुरू की तो सामने आया कि उसकी शादी किसी दूसरी युवती से मई 2025 में तय हो गई है। सगाई हो चुकी है। वह शिकायतकर्ता की बेटी को धोखा दे रहा है। आरोपी ने घर पर बदसलूकी की : शिकायतकर्ता ने अभिप्रव को बात करने के लिए अपने घर पर सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे बुलाया और उसके समझाने का प्रयास किया। इतनी सी बात पर वह बिफर गया और शिकायतकर्ता से कहा कि उसकी बेटी की कई निजी और अंतरंग वीडियो उसके पास है। अगर वह रास्ते में बाधा बनेगा तो बेटी की वीडियो वायरल कर देगा। इस दौरान मौके पर मौजूद युवती से भी अभिप्रव ने गाली-गलौज की। युवती और अभिप्रव में झगड़ा हुआ। उसने युवती से कहा कि उसकी जैसी लड़की को जीने का कोई अधिकार नहीं है। इन सब बातों से युवती मानसिक रूप से टूट गई और उसने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। परिजनों ने जब उसे फंदे से लटकता देखा तो नीचे उतारा और निजी अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। आरोपी गिरफ्तार घटना के बाद अभिप्रव ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, युवती के परिजनों ने उसे दबोच लिया और उसे भी अस्पताल लेकर जाया गया। इसके बाद आरोपी अभिप्रव को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डेढ़ घंटे बाद घटना का पता चला पिता का कहना है कि उसकी बेटी ने शाम चार बजे के करीब ही आत्महत्या कर ली थी। हालांकि परिवार के लोग जब डेढ़ घंटे बाद दूसरी मंजिल पर गए तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। जिस कमरे में युवती ने फंदा लगाया, उसका दरवाजा खुला हुआ था। युवती तीन बच्चों में बीच की थी। उससे बड़ी एक बहन और छोटा एक भाई है। मृतका का मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से युवती के घर में मातम पसरा हुआ है। अभिप्रव के घरवालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। डायरी में लिखी आपबीती पिता का कहना है कि पुलिस को युवती के कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें उसने अपनी कई बातें लिखी हैं। हालांकि, डायरी में क्या लिखा है, इस बारे में पुलिस ने जानकारी नहीं दी। शिकायतकर्ता इलेक्ट्रिकल ठेकेदार है। युवती बचपन से ही नामी अधिवक्ता बनना चाहती थी। शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि उसकी बेटी गर्भवती थी। अभिप्रव ने पूर्व में भी उसे गर्भ गिराने की दवा खिलाई थी। इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को उसकी बड़ी बेटी ने दी थी। ----------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




