Tragic Deaths of Two Brothers in Noida Sewage Tank Cleaning Incident Raises Safety Concerns सीवर टैंक में गिरने से सफाईकर्मी दो भाइयों की मौत, Noida Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsNoida NewsTragic Deaths of Two Brothers in Noida Sewage Tank Cleaning Incident Raises Safety Concerns

सीवर टैंक में गिरने से सफाईकर्मी दो भाइयों की मौत

- सेक्टर-115 के सीवेज पंपिंग स्टेशन में हादसा हुआ -ठेकेदार समेत दो आरोपी गिरफ्तार -

Newswrap हिन्दुस्तान, नोएडाSun, 17 Aug 2025 08:25 PM
share Share
Follow Us on
सीवर टैंक में गिरने से सफाईकर्मी दो भाइयों की मौत

नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-115 में बने सीवेज पंपिंग स्टेशन में सीवर के टैंक की सफाई करने उतरे दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम हुआ। परिजनों का आरोप है कि दोनों को बिना सुरक्षा इंतजाम किए टैंक की सफाई करने के लिए उतारा गया। पुलिस ने मृतकों के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर ठेकेदार समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिला अलीगढ़ के महुआखेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय विकास और उसका चचेरा भाई 24 वर्षीय खुशहाल दोनों प्राइवेट सफाई कर्मचारी थे। दोनों परिवार के साथ सेक्टर-49 क्षेत्र स्थित बरौला गांव में किराये पर रहते थे।

दोनों सफाई ठेकेदार पुष्पेंद्र और सुपरवाइजर अजीत के अधीन सीवर टैंक और नाली सफाई का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर ठेकेदार पुष्पेंद्र ने दोनों को सेक्टर-115 स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन पर बुलाया। यहां 12 मीटर गहरे सीवर के टैंक की सफाई की जिम्मेदारी सौंपी। सीवर टैंक साफ करते समय दोनों उसमें गिर गए। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। काफी देर तक दोनों की लाश सीवर टैंक में ही पड़ी रही। मामले की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों के शवों को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराने का आरोप खुशहाल के भाई ब्रिजेश कुमार ने ठेकेदार और सुपरवाइजर पर लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज कराया। ब्रिजेश का आरोप है कि इस मामले में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दोनों के पास सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं थे। बिना रस्सी बांधे ही उसके भाइयों को सीवर टैंक साफ करने के लिए उतार दिया गया। यदि उनके पास सुरक्षा उपकरण होते तो हादसा नहीं होता। प्राधिकरण ने आरोपों को निराधार बताया जिस सीवर टैंक में सफाई के दौरान दोनों सफाई कर्मचारियों की मौत हुई, वह नोएडा प्राधिकरण है। हादसे के बाद परिजनों ने ठेकेदार पर सुरक्षा उपकरण न देने के आरोप लगाए। इसके संबंध में नोएडा प्राधिकरण के जल सीवर के महाप्रबंधक आरपी सिंह का कहना है कि सफाई कर्मियों के पास सुरक्षा उपकरण थे। सफाई के दौरान एक कर्मचारी पैर फिसलने से नीचे गिरा, उसके बाद दूसरा भी टैंक में गिर गया। टैंक की गहराई करीब 12 मीटर है। ---------- दोनों सफाई कर्मियों की पत्नी गर्भवती ब्रिजेश ने बताया कि खुशहाल की छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसकी दो बेटी हैं। पहली बेटी पांच वर्ष और दूसरी दो वर्ष की है, जबकि विकास की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी चार वर्ष की एक बेटी है। दोनों की पत्नी गर्भवती हैं। दोनों की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ---------- परिवार में और काई कमाने वाला नहीं हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग सीवेज पंपिंग स्टेशन और पुलिस थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि ठेकेदार और सुपरवाइजर की लापरवाही से दो लोगों की जान चली गई। परिवार में और काई कमाने वाला नहीं था। दोनों के छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार को आर्थिक मदद भी दिलाई जाए। ---------- पहले भी ऐसे हादसे हो चुके - 4 मई 2024 : सेक्टर-26 स्थित घर में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान दम घुटने से दो लोगों की मौत हुई। - 17 मई 2022 : होजरी कॉम्प्लेक्स में कंपनी के बाहर सीवर की सफाई करने उतरे दो कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से जान गई। - 28 मई 2021 : सूरजपुर थाना क्षेत्र के बेगमपुर में बिना सुरक्षा किट सीवर की सफाई कर रहे कर्मचारी की जहरीली गैस से मौत हुई। - 21 सितंबर 2017: सेक्टर-110 में एक सीवर की सफाई करने के लिए गटर में उतरे तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हुई। - 26 फरवरी 2014 : सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में गटर में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से सफाईकर्मी और फल विक्रेता की जान गई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।