Hindi NewsNcr NewsNoida NewsTragic Accident on Yamuna Expressway Doctor s Speeding Car Kills Two Brothers
डॉक्टर की बेकाबू कार ने दो सगे भाइयों को कुचला, ग्रामीणों का हंगामा

डॉक्टर की बेकाबू कार ने दो सगे भाइयों को कुचला, ग्रामीणों का हंगामा

संक्षेप:

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार डॉक्टर की कार ने दो भाइयों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों भाई अपनी गाड़ी में डीजल डाल रहे थे। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में हंगामा किया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

Jan 12, 2026 08:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर रविवार की रात डॉक्टर की तेज रफ्तार कार ने दोनों भाइयों को कुचल दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। वे सड़क किनारे खड़ी अपनी गाड़ी में डीजल डाल रहे थे। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सोमवार की शाम पुलिस चौकी पर हंगामा किया। नॉलेज पार्क थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोंडली बांगर गांव में जयप्रकाश शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को जय प्रकाश का 35 वर्षीय बेटा गौरव अपनी गाड़ी से बच्चों के साथ खरीदारी करने बाजार गया था। रात करीब 9:00 बजे घर वापस लौटते समय से जीरो प्वाइंट पर उसकी गाड़ी का डीजल खत्म हो गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गौरव ने अपने बड़े भाई 42 वर्षीय मनोज को फोन कर बुलाया। मनोज डीजल लेकर मौके पर पहुंचा। जब दोनों भाई गाड़ी में डीजल डाल रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को तत्काल अस्पताल ले गई। अस्पतालों में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी कार चालक सिद्धार्थ कात्यान निवासी बिहार को गिरफ्तार कर लिया। वह एक अस्पताल में डॉक्टर है। चालक के नशे में होने का आरोप इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को एनपीएक्स पुलिस चौकी पर हंगामा किया। उन्होंने आरोपी कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी चालक डॉक्टर शराब के नशे में धुत था। डॉक्टर की कार ने करीब 100 मीटर तक दोनों को घसीटा। गंभीर चोटें लगने की वजह से दोनों भाइयों की मौत हुई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। खुशी का माहौल गम में बदला ग्रामीणों ने बताया कि मनोज एटीएस सोसाइटी के पास मोमोज की ठेली लगाकर परिवार का पालन पोषण करता था। वहीं, गौरव शर्मा चाय की दुकान चलाता था। दोनों भाई शादीशुदा थे। मनोज के परिवार में दो लड़की और दो लड़का है। गौरव के परिवार में दो लड़के और एक लड़की है। बताया जा रहा है कि मनोज और गौरव की बहन ने उनके घर पर रात महिला संगीत का कार्यक्रम रखा था। इसके लिए घर में तैयारी चल रही थी। हादसे में दोनों भाइयों की मौत के बाद खुशी का माहौल गम में बदल गया। एक्सप्रेसवे पर कोई भी परेशानी होने पर वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और डायल 112 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं। इसके साथ ही सड़क पर गाड़ी खड़ी करते समय सावधानी भी बरतें। इंडिकेटर जलाकर गाड़ी को थोड़ा टेड़ा खड़ा करें। मनीषा सिंह, अतिरिक्त, डीसीपी, ट्रैफिक, गौतमबुद्ध नगर