स्कूल वैन की टक्कर से बच्चे की मौत
गुरुग्राम। भोंडसी के श्याम कुंज इलाके में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल की वैन की

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। भोंडसी के श्याम कुंज इलाके में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल की वैन की टक्कर से आठ वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में स्कूल वैन के चालक के खिलाफ भोंडसी थाने में केस दर्ज किया है। यह पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बच्चे के पिता संतोष कुमार त्रिपाठी ने पुलिस शिकायत में बताया कि उनका आठ वर्षीय बेटा शिवांश त्रिपाठी निजी स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था, सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह स्कूल से घर लौटा था।
वह ड्रेस बदलकर पास ही स्थित पिता की किराना दुकान पर चॉकलेट लेने गया था। जब वह दुकान से वापस घर की ओर मुड़ रहा था, तभी गली नंबर डी/6 में यह हादसा हो गया।सिर पर चढ़ा दिया पहिया : प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार निजी स्कूल की मारुति ईको वैन का चालक वैन को पीछे (रिवर्स) ला रहा था। वैन ने पीछे से शिवांश को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इस दौरान चालक बच्चे को देख नहीं पाया और उसने वैन बच्चे के ऊपर चढ़ा दी। हादसे में मासूम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही काफी खून बहने लगा।परिजन आनन-फानन में शिवांश को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आरोपी चालक का पता करने के लिए स्थानीय लोगों और उसके परिचितों से पूछताछ की जा रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


