डीएनडी पर दिल्ली से लौटने वाले वाहन जाम में फंस रहे
नोएडा से दक्षिणी दिल्ली को जोड़ने वाले डीएनडी पर जाम की समस्या बढ़ रही है। विशेषकर सुबह और शाम के समय, फिल्म सिटी मार्ग पर उतरने वाले लूप की चौड़ाई कम होने के कारण जाम लग रहा है। वाहनों की लंबी लाइनें लगने से लोगों को एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है।

अभियान फिल्म सिटी मार्ग पर उतरने वाले लूप की चौड़ाई कम, सुबह और शाम के वक्त अधिक दिक्कत नोएडा, प्रमुख संवाददाता। नोएडा से दक्षिणी दिल्ली को जोड़ने वाले डीएनडी पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। खासतौर पर दिल्ली से नोएडा की ओर आते लोगों को सुबह-शाम लंबे जाम में फंसना पड़ रहा है। फिल्म सिटी मार्ग पर उतरने वाले लूप की कम चौड़ाई होने की वजह से जाम लग रहा है। डीएनडी से रोजाना तीन-चार लाख वाहन निकलते हैं। इनमें से काफी वाहन चालक फिल्म सिटी मार्ग की ओर उतरने वाले लूप की ओर जाते हैं। यहां से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे होते हुए अलग-अलग स्थानों को जाते हैं।
फिल्म सिटी की ओर उतरने वाले इस लूप की चौड़ाई वाहनों की संख्या के हिसाब से कम है। एक बार में डेढ़ से दो लेन में ही गाड़ी निकल पाती है। इस वजह से जाम की समस्या हो रही है। ऐसे में पीछे की ओर टोल की तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इन वाहनों की वजह से सीधे सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहन चालक भी जाम में फंस रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी शाम के समय हो रही है। व्यस्त समय में दो किलोमीटर तक टोल प्लाजा के पीछे तक वाहनों की लाइन लग रही है। इस हिस्से को पार करने में ही लोगों का एक घंटे जाम में बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद प्राधिकरण जाम कम करने को ठोस कदम नहीं उठा रहा। लोग सीधे तौर के अलावा सोशल मीडिया के जरिए जाम की समस्या को बयां कर रहे हैं। ------------------ योजना बनने के बाद पूरी नहीं हुई फिल्म सिटी मार्ग की ओर उतरने वाले लूप को चौड़ा करने के लिए एक अतिरिक्त लेन बनाने की योजना तैयार की गई। इसके अलावा फिल्म सिटी मार्ग पर ऊपर की ओर बना पुल को भी चौड़ा किए जाने की जरूरत है। प्राधिकरण ने एक एजेंसी के जरिए इसका सर्वे भी कराया। सर्वे में सामने आया कि लूप के लिए यहां खाली जगह में एक लेन बनाई जा सकती है। इन प्रयोग से जाम में कमी आती, लेकिन योजना पूरी तरह बनने से पहले ही बंद हो गई। अब करीब छह महीने से भी अधिक समय से प्राधिकरण ने इस योजना को पूरा कर काम शुरू करने के लिए कोई कदम नहीं बढ़ाया है। --------------- डीएनडी की ओर चढ़ने वाले लूप के पास भी जाम नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर से आते समय डीएनडी पर चढ़ने वाले लूप के पास चौड़ाई कम है। इसकी वजह से यहां भी जाम की समस्या हो रही है। पीछे की ओर दलित प्रेरणा स्थल के सामने वाहनों की लाइन पहुंच जाती है। ------------- तीन तरफ से नोएडा आते हैं वाहन 1-चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने के लिए लिए अमिताभ पार्क की ओर उतरने वाला लूप 2-नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर जाने के लिए फिल्म सिटी पर उतरने वाला लूप 3- सीधे शहर में प्रवेश करने के लिए सेक्टर-3 रजीगंधा अंडरपास की तरफ ------------ लोगों से बातचीत शाम को ऑफिस से आते समय डीएनडी पर रोजाना आधा से एक घंटे तक जाम में फंसना पड़ता है। शनिवार को भी करीब पौने घंटे तक जाम में फंसा रहा। यहां जाम दूर करने को लेकर विभागों को काम करने चाहिए। ब्रजेश शर्मा, सेक्टर-78, अंतरिक्ष गोल्फ व्यू -2 ----------- दिल्ली से आते समय टोल प्लाजा के पास से ही गाड़ी की रफ्तार धीमी हो जाती है। यहां लूप से उतरने में ही एक घंटे तक लग जाते हैं। कई बार व्यवस्था संभालने के लिए कोई पुलिसकर्मी भी नहीं होता है। संजीव खन्ना, सेक्टर-19
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



