
दलित प्रेरणा स्थल के पास रास्तों में बदलाव
नोएडा के सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया जाएगा। आयोजन में बसपा नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए रास्तों में बदलाव किया है। वाहनों का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक रास्तों का उपयोग किया जाएगा।
नोएडा, प्रमुख संवाददाता। सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल में शनिवार को बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया जाएगा। आयोजन में बसपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के अलावा दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से काफी लोग आएंगे। लोगों को जाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रास्तों में बदलाव किया है। दलित प्रेरणा स्थल में सुबह आठ बजे से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। ऐसे में यातायात पुलिस ने सुबह छह बजे से शाम तक वाहनों के रास्तों में बदलाव किया। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एमपी टू एलिवेटेड रोड पर हल्के, मध्यम और मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली होकर अन्य स्थानों की ओर जाने वाले मालवाहक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे आकर डीएनडी, चिल्ला बॉर्डर की ओर आने-जाने वाले वाहन बॉटनिकल गार्डन, अट्टा पीर, सेक्टर-15, सेक्टर-1 गोलचक्कर होते हुए आ-जा सकेंगे। इस बारे में डीसीपी यातायात डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि दलित प्रेरणा स्थल के सामने वाहनों का दबाव बढ़ने पर ही वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को निकाला जाएगा। --------- एडीजी यातायात ने दिशा-निर्देश दिए एडीजी यातायात ए सतीश गणेश शनिवार को नोएडा पहुंचे। उन्होंने छह दिसंबर को दलित प्रेरणा स्थल में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा सेक्टर-14 कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ अन्य मुद्दों को लेकर बैठक भी की। एडीजी ने दलित प्रेरणा स्थल पहुंचकर भी तैयारियों का जायजा लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




