लाखों के बिजली तार चोरी, बदमाश कैमरे में कैद
दनकौर में धनौरी रोड पर निर्माणाधीन मकान से बदमाश ने रात में लाखों रुपये के बिजली के तार और अन्य सामान चुरा लिया। आरोपी सीसीटीवी में कैद हुआ है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जो जांच में जुटी है।

दनकौर। दनकौर कस्बे में धनौरी रोड स्थित निर्माणाधीन मकान से बुधवार देर रात बदमाश लाखों रुपये के बिजली के तार और अन्य सामान चोरी कर ले गया। घटना को अंजाम देकर जाता हुआ। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। नई बस्ती मोहल्ला निवासी मुकेश कौशिक ने बताया कि धनौरी रोड पर उनका तीन मंजिला मकान निर्माणाधीन है। कुछ दिन पहले ही मकान में लाखों रुपये खर्च कर बिजली की वायरिंग और अन्य विद्युत उपकरण लगवाए गए थे। आरोप है कि बुधवार देर रात बदमाश मकान में घुस आया और वहां से करीब एक लाख रुपये कीमत के बिजली के तार और अन्य सामान चोरी कर ले गया।
मुकेश के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, जाते समय वह मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में आरोपी एक बैग में चोरी का सामान लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। बावजूद इसके अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। अभी चोर का सुराग नहीं लगा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


