मरीज से बात करते हुए मस्तिष्तक की सर्जरी
नोएडा के मेट्रो अस्पताल में डॉक्टरों ने 45 वर्षीय पुरुष के मस्तिष्क के फ्रंटल लोब में ट्यूमर की सफल सर्जरी की। अवेक क्रैनियोटॉमी तकनीक से की गई इस सर्जरी में मरीज की बोलने और समझने की क्षमताओं की जांच की गई। सर्जरी के बाद मरीज को बिना किसी न्यूरोलॉजिकल कमी के स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई।

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज से बात करते हुए उसके मस्तिष्तक की सर्जरी की। डॉक्टरों के मुताबिक सर्जरी के दौरान मरीज की बोलने, समझने, सोचने और शरीर की गतिविधि से संबंधित जुड़ी क्षमताओं की जांच होती रहे, इसके लिए यह प्रक्रिया की गई। मेट्रो अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि 45 वर्षीय पुरुष रोगी के मस्तिष्क के फ्रंटल लोब में बड़े ट्यूमर की पुष्टि हुई थी। ट्यूमर के चलते दिमाग पर अत्यधिक दबाव समेत अन्य दिक्कतों का गंभीर खतरा बना हुआ था। सफल सर्जरी के बाद मरीज को बिना किसी न्यूरोलॉजिकल कमी के स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सर्जरी का नेतृत्व डॉ. आकाश मिश्रा ने किया। उन्होंने बताया कि फ्रंटल ट्यूमर की सर्जरी न्यूरोसर्जरी की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक होती है। अवेक क्रैनियोटॉमी के जरिए मरीज की सर्जरी की गई। यह एक प्रकार की ब्रेन सर्जरी है, जिसमें मस्तिष्क के ट्यूमर या दौरे जैसी स्थितियों का इलाज करने के लिए रोगी के जागते हुए, खोपड़ी का हिस्सा हटाकर ऑपरेशन किया जाता है। यह तकनीक मस्तिष्क के उन नाजुक हिस्सों के पास सर्जरी के लिए उपयोगी है, जो वाणी, भाषा, दृष्टि या गति को नियंत्रित करते हैं, क्योंकि जागृत अवस्था में रोगी से बातचीत कर इन कार्यों की निगरानी की जा सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


