सुरक्षाकर्मी ने निवासी को गोली मारने की धमकी दी
ग्रेटर नोएडा के ओमेगा-1 में डिवाइन ग्रेस सोसाइटी में एक सुरक्षा गार्ड ने निवासी हरिओम रायजादा को गोली मारने की धमकी दी। घटना तब हुई जब रायजादा सोसायटी के मैनेजर के पास गए। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। ओमेगा-1 स्थित डिवाइन ग्रेस सोसाइटी में एक सुरक्षाकर्मी द्वारा निवासी को गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना बीटा-2 में शिकायत देकर आरोपी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार हरिओम रायजादा उर्फ ओम रायजादा ने बताया कि वह सात मई की सुबह करीब 9:30 बजे सोसायटी की ग्रीन बेल्ट देव वाटिका में लगाए गए पौधों को पानी देकर लौट रहे थे। इसी दौरान वह औपचारिकता के तहत सोसायटी मैनेजर सौरभ निर्वाल की केबिन में चले गए। वहां पर सोसायटी का गार्ड और सुपरवाइजर मनोज कुमार मौजूद थे।
सोसाइटी के मुद्दे उठाने के चलते मनोज से उनके पुराने मतभेद हैं। वह उन्हें देखते ही भड़क गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए एटा का रहने वाला बताते हुए गोली मारने की धमकी दी। इससे वह भयभीत हैं। घटना के दौरान मैनेजर सौरभ निर्वाल, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन भी मौके पर मौजूद थे। पीड़ित ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी ने अपने किसी रिश्तेदार को भी बुला रखा है, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


