दोबारा रखरखाव शुल्क बढ़ाने का विरोध जताया
ग्रेटर नोएडा के सुपरटेक सीजर सोसाइटी में लोगों ने मेंटेनेंस शुल्क में वृद्धि का विरोध किया। लोगों का आरोप है कि पिछले छह महीने में शुल्क बढ़ाया गया था और अब फिर से बढ़ोतरी करना गलत है। लिफ्टों की खराब स्थिति, बेसमेंट में लीकेज और अन्य समस्याओं से लोग परेशान हैं।

ग्रेटर नोएडा, रूपल राठी। सेक्टर ओमिक्रॉन-1 स्थित सुपरटेक सीजर सोसाइटी में रखरखाव शुल्क में दोबारा वृद्धि करने का लोगों ने रविवार को विरोध जताया। लोगों ने पैदल मार्च निकालकर मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि छह महीने पहले भी शुल्क बढ़ाया गया था और अब फिर से बढ़ोतरी करना गलत है। उनका कहना है कि मेंटेनेंस प्रबंधन मनमानी कर रहा है। एओए अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि छह महीने पहले ही 65 पैसे प्रति वर्गफीट के हिसाब से शुल्क में वृद्धि की गई थी, जो प्रबंधन का एकतरफा फैसला था। उनका आरोप है कि बढ़े हुए शुल्क के बावजूद सोसाइटी में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया।
अब 10 मई से दोबारा 80 पैसे प्रति वर्गफीट की वृद्धि कर दी गई है, जबकि पहले खर्च का कोई हिसाब-किताब भी नहीं दिया। लोगो का कहना है कि बिना नोटिस दिए ही शुल्क बढ़ा दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि वर्तमान एजेंसी दिवालिया घोषित सुपरटेक ग्रुप से जुड़ी है और सही तरीके से काम नहीं कर रही।सोसाइटी निवासी नितिन ने बताया कि लिफ्टों का रखरखाव ठीक से नहीं हो रहा है। आए दिन लिफ्ट अटकने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। इसके अलावा बेसमेंट में लीकेज, खराब स्ट्रक्चर, पेंटिंग और कॉमन एरिया की खराब स्थिति जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं। मेंटेनेंस एजेंसी द्वारा एनपीसीएल मे बिजली और प्राधिकरण के पानी के बिलों का भुगतान भी समय पर नहीं किया गया है। सोसाइटी के हैंडओवर का मामला कोर्ट में विचाराधीन है और लोगों को जल्द फैसला आने की उम्मीद है। वहीं, मेंटेनेंस प्रभारी अजय भाटी ने कहा कि परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और कैमरे लगाने के लिए शुल्क में वृद्धि की गई है। उनका कहना है कि कुछ बैचलर द्वारा तोड़फोड़ और गलत व्यवहार की शिकायतें मिली थीं, जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


