Noida News: अजनारा होम सोसाइटी में लिफ्टों की खराबी से परेशानी बढ़ी
Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अजनारा होम सोसाइटी में लिफ्टों की खराबी के कारण लोग नाराज हैं। लिफ्टों का नियमित रखरखाव नहीं हो रहा है और कई लिफ्टें खराब पड़ी हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान करे, क्योंकि इससे बुजुर्ग, बच्चों और बीमार लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम सोसाइटी में लिफ्टों के रखरखाव को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि लिफ्टों का नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण आए दिन तकनीकी खराबी सामने आ रही है। सोमवार शाम एक लिफ्ट में करीब 14 लोग फंस गए थे। सोसाइटी में रहने वाले सुल्तान का कहना है कि यह समस्या केवल एक लिफ्ट तक सीमित नहीं है। सोसाइटी के अलग-अलग टावरों में लिफ्ट बार-बार खराब हो रही हैं। कई बार लिफ्ट अचानक बीच में रुक जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। दिनकर पांडे ने बताया कि एल टावर में एक लिफ्ट पिछले करीब तीन महीने से बंद पड़ी है। लंबे समय से लिफ्ट बंद होने के कारण टावर के लोगों को दूसरी लिफ्ट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। पीक ऑवर में दूसरी लिफ्ट पर दबाव बढ़ जाता है और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।लोगों का आरोप है कि लिफ्ट बंद होने की जानकारी प्रबंधन को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इसे अब तक ठीक नहीं कराया गया है। लोगों का कहना है कि लिफ्ट जैसी आवश्यक सुविधा में इस तरह की लापरवाही गंभीर है। लोगों ने मेंटेनेंस प्रबंधन से सभी लिफ्टों की तकनीकी जांच कराने, नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और लंबे समय से बंद लिफ्टों को जल्द चालू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लिफ्टों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहेगा।

