Noida News: चार लोगों पर पुजारी को बंधक बनाने का आरोप
Noida News: नोएडा में एक पुजारी अनिल तिवारी की गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद, पुलिस ने उनकी खोज शुरू की। परिवार को सूचना मिली कि उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया है। हालांकि, जांच में पाया गया कि पुजारी को पूजा करने के लिए जौनपुर में किसी से कहासुनी के चलते परेशानी हुई थी और वे सकुशल घर लौट आए।

Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। पूजा करने के लिए घर से निकले पुजारी को कमरे में बंधक बनाने के मामले में सेक्टर-113 थाने में केस दर्ज किया गया था। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटे के भीतर पुजारी सकुशल घर पर पहुंच गए। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक पुजारी अनिल तिवारी पांच सितंबर को सुबह करीब साढ़े नौ बजे पूजा करने के लिए घर से जौनपुर के लिए निकले थे। इसके बाद वह नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। नौ सितंबर को इस संबंध में सेक्टर-113 थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता रोहित कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर सूचना मिली थी कि तीन-चार लोगों ने उनके पिता को किसी अज्ञात स्थान पर एक कमरे में बंद कर रखा है। आरोप था कि उन्हें कहीं आने-जाने नहीं दिया जा रहा है और रुपये की मांग की जा रही है। इस सूचना के बाद परिवार के लोग और अधिक परेशान हो गए थे।शिकायत में मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। पुजारी की तलाश के लिए एक टीम गठित हुई थी। अब पुजारी के सकुशल घर पहुंचने से परिजनों ने राहत महसूस की है। पुलिस का कहना है कि पुजारी जौनपुर पूजा करने गए थे। वहीं पर उनकी किसी से कहासुनी हो गई थी। बंधक बनाने जैसी बात जांच में गलत निकली है।


