Noida News: महिला को बंधक बनाकर लूटने वाले मुठभेड़ में घायल
Noida News: ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। पुलिस ने बदमाशों से विदेश मुद्रा समेत चोरी व लूट के आभूषण भी बरामद

Noida News: ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस कार्रवाई में दो बदमाशों को गाली लगी। आरोपियों ने विला में महिला को बंधक बनाकर लूट की थी। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह के अनुसार रविवार सुबह थाना सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम तिलपता गोलचक्कर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान 130 मीटर चौड़ी रोड पर डी पार्क की ओर से एक सफेद रंग की टैक्सी (डीएल-1जेडडी-3130) आती दिखाई दी। पुलिस ने शक होने पर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार बदमाश भाग निकले और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने पीछा कर बदमाशों को घेर लिया, जिसके बाद वह टैक्सी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। उन्होंने पेड़ों और वाहनों की आड़ में पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाश को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल बदमाशों की पहचान वीरपाल और विजयपाल के रूप में हुई। दोनों मूलरूप से थाना सोरों, जिला कासगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रहे थे। वहीं, अन्य दो बदमाश अर्जुन कश्यप और अवधेश को भी गिरफ्तार किया गया। बदमाशों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस, टैक्सी कार, विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्राएं, टाइटन और मोंटब्लांक कंपनी की दो महंगी घड़ियां, सोने की चेन, अंगूठी, ओम आकार का लॉकेट, कान के झुमके, टूटी हुई चेन के कई टुकड़े, एक चांदी की चेन, 14,275 रुपये भारतीय मुद्रा और एक जापानी मुद्रा बरामद की गई है。
विला में महिला को बंधक बनाकर लूट को स्वीकारा
बदमाशों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चार और पांच जुलाई की रात पैरा माउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में दो घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। वहीं, जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले दिन में इलाके की निगरानी करता रहा और रात में घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात करता था। भागने के लिए टैक्सी का इस्तेमाल किया जाता था ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। बता दें कि तीन जुलाई को बदमाश सोसाइटी के विला में घुसे थे, जहां उन्होंने एक महिला को बंधकर बनाकर घर से नकदी समेत 15 लाख रुपये के आभूषण लूटे थेद्ध साथ ही एक अन्य घर से वियतनामी मुद्रा चुराकर भाग निकले थे।
सरगना पर 17 से अधिक मुकदमे
गिरोह के सरगना वीरपाल के खिलाफ कासगंज और गौतमबुद्ध नगर में चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स, गैंगस्टर, एनडीपीएस ऐक्ट, धोखाधड़ी और समाज विरोधी गतिविधि निवारण अधिनियम सहित 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2016 से लगातार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में केस दर्ज होते रहे हैं। दूसरे घायल आरोपी विजयपाल पर भी कासगंज और गौतमबुद्ध नगर में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह भी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। गिरफ्तार अर्जुन कश्यप और अवधेश का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। दोनों के खिलाफ सूरजपुर थाने में हालिया लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इनके तार शहर में हुई अन्य घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं।
---
आशीष धामा
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


