Noida News: धरने पर बैठे किसान बोले, भूखंड लेकर रहेंगे
Noida News: ग्रेटर नोएडा में किसान संघर्ष मोर्चे के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन जारी है। महिलाएं भी आंदोलन में शामिल हुई हैं। प्रभावित किसान 10 फीसदी विकसित भूखंड की मांग कर रहे हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का अधिकार सभी नागरिकों का है। किसान संघर्ष मोर्चा प्रशासन के डराने-धमकाने के तरीकों की भी निंदा करता है।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, सीएल मौर्य। किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर पर चल रहा धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को धरना स्थल पर पहुंची बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हुंकार भरी। जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों ने कहा कि 10 फीसदी विकसित भूखंड लेकर रहेंगे। मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने की अध्यक्षता शांति देवी ने की, जबकि संचालन किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने किया। अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ़ रुपेश वर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा शक्तियों के दुरुपयोग के कारण आकृति चौधरी के मामले में पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
हाईकोर्ट ने भी टिप्पणी की है कि अधिकारी जनता के सेवक हैं, मालिक नहीं। स्वतंत्रता नागरिकों का बुनियादी अधिकार है और इसे छीना नहीं जा सकता। वहीं, किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि जिन किसानों की जमीनों पर आज शहर बस गया है, उन्हीं के हक छीने जा रहे हैं।पुलिस-प्रशासन गांवों में फ्लैग मार्च कर किसानों को डराने का काम कर रहा है, जिसकी किसान संघर्ष मोर्चा घोर निंदा करता है। सोरन प्रधान ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा 10 फीसदी भूखंड, आबादियों के निस्तारण और नए कानून के अनुसार 20 फीसदी भूखंड लागू कराने को लेकर वचनबद्ध है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, किसान पीछे नहीं हटेंगे। धरने को उदल आर्य, भूपेंद्र तोमर, मुकेश, अशोक भाटी, जयकरण सिंह भाटी, महेंद्र एडवोकेट सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर पूनम, जोगेंद्री, जयप्रकाश आर्य, पप्पू नागर, बीरी प्रधान, निशांत रावल, बाबा करतार, नरेश नागर, सुंदर भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


