
कंपनीकर्मी ने तनाव में फंदा लगाकर जान दी
नोएडा के सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट में रहने वाले युवक अंकित वर्मा ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। वह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का निवासी था और एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। अंकित का पत्नी से तलाक हो चुका था।
नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट के फ्लैट में किराये पर रहने वाले कंपनीकर्मी युवक ने मंगलवार शाम फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह मामले की सूचना मिलने पर पहुंची सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। पुलिस ने बताया कि मूलरूप से मध्य प्रदेश के जिला मुरैना निवासी अंकित वर्मा सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट के प्रथम तल के फ्लैट में किराये पर रहते थे। वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ओपी यादव ने बताया कि परिजनों ने मंगलवार शाम अंकित को कॉल की।
काफी देर तक संपर्क न होने पर उन्होंने ओपी यादव से संपर्क किया, लेकिन बिना कानूनी प्रक्रिया के उन्होंने फ्लैट खुलवाने में असमर्थता जताई। परिजनों ने बुधवार सुबह दोस्त को अंकित के फ्लैट पर भेजा। थाने में लिखित शिकायत के बाद पुलिस पहुंची। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो अंकित का शव जमीन पर पड़ा था। गले में बेडशीट बंधी थी। जमीन पर गिरे होने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अंकित के वजन से बेडशीट टूट गई और वह नीचे जमीन पर गिर गया। ओपी यादव को परिजनों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व अंकित का पत्नी से तलाक हो गया था। इसको लेकर वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




