कंपनीकर्मी ने फंदा लगाकर जान दी
नोएडा के बिशनपुरा गांव में एक 34 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया, जिसमें उसने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। अनीश कुमार अकेलेपन और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसके पिता ने बताया कि अनीश का विवाह नहीं हुआ था।

नोएडा, गौरव भारद्वाज। बिशनपुरा गांव स्थित पीजी के कमरे में बुधवार दोपहर मानसिक तनाव से गुजर रहे युवक ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस को शव के पास से डायरी में सुसाइड नोट मिला। पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश के जिला मुरैना निवासी 34 वर्षीय अनीश कुमार सेक्टर-62 स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वह वर्तमान में बिशनपुरा गांव स्थित द यार्ड हॉस्टल नामक पीजी के एक कमरे में किराये पर रहते थे। सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही ऑफिस जाना होता था। सोमवार को अनीश कुमार ऑफिस नहीं पहुंचे। इसके बाद सहकर्मियों ने फोन पर संपर्क साधने का प्रयास किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद मंगलवार और फिर बुधवार को भी संपर्क नहीं हुआ। कंपनीकर्मी पीजी स्थित कमरे पर केयर टेकर की मदद से पहुंचे। जहां कमरा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वीडियोग्राफी की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर घुसकर देखा तो पंखे के सहारे अनीश कुमार का शव फंदे पर लटका हुआ था। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को कमरे से एक डायरी मिली। डायरी में परिवार के प्रति संवेदना लिखी थी। डायरी में लिखा है कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा है। माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। सब लोग ठीक रहना। सूचना पर पहुंचे पिता देवकीनंदन ने बताया कि अनीश उनका बड़ा बेटा था। उसका विवाह नहीं हुआ था। छोटे पुत्र का विवाह हो चुका है। उसके दो बच्चे भी हैं। विवाह न होने के चलते वह अकेलापन महसूस करता था और मानसिक तनाव में रहता था। अनीश करीब सात वर्ष मॉरिशस में नौकरी कर चुका है। पिछले कुछ वर्षों से नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।---------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


