पति पर मॉडल की हत्या का आरोप

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा की 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर उनके परिजनों ने पति समर्थ सिंह पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है। ट्विशा का शव भोपाल में उनके पति के घर में फंदे से लटका मिला था।

पति पर मॉडल की हत्या का आरोप

नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। भोपाल में पिछले हफ्ते संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई नोएडा की 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा मामले में पति पर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई का कहना है कि पति समर्थ सिंह ने सुनियोजित तरीके से ट्विशा की हत्या की और इसे आत्महत्या दिखा दिया। अब परिवार ने उनकी मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग तेज कर दी है। मूलरूप से नोएडा सेक्टर-16 सी ब्लॉक की रहने वाली ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके पति समर्थ सिंह के घर में फंदे से लटका मिला था। समर्थ सिंह पेशे से वकील बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों की मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और दिसंबर 2025 में उन्होंने शादी की थी। ट्विशा ने एमबीए की पढ़ाई की थी और शादी से पहले दिल्ली की एक निजी कंपनी में कई वर्षों तक काम कर चुकी थीं। ट्विशा के परिवार ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं。

परिवार की मांग

परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और शव का दोबारा पोस्टमार्टम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली में कराया जाए। परिवार ने बताया कि पिछले पांच दिनों से ट्विशा का शव एम्स भोपाल के शवगृह में रखा हुआ है। इस मामले में एक और तथ्य चर्चा में है कि ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और चैट्स समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पूरे प्रकरण में पुलिस जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि आत्महत्या में इस्तेमाल बताई जा रही नायलॉन बेल्ट पोस्टमार्टम के दौरान पेश नहीं की गई। अब बेल्ट को जांच के लिए एम्स भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

जमानत याचिका खारिज

इस मामले में समर्थ की जमानत याचिका सोमवार को खारिज हो गई। फरार आरोपी पति समर्थ सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आरोपी का पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की है। एक स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को रिटायर्ड जज को अग्रिम जमानत दे दी। मृतका के पिता का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें यह नहीं बताया कि उनकी बेटी की मौत हो गई है।

ट्विशा की इच्छाएँ

ट्विशा के रिश्तेदारों का कहना है कि वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी। वह बीते मंगलवार की रात 10 बजे तक अपने परिवार के लोगों के संपर्क में थी। वहीं, भोपाल पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हमले और ट्विशा की मौत के बाद सबूत मिटाने की कथित कोशिशों के आरोपों की जांच करेगी।

परिवार का दुःख

घटना के बाद ट्विशा के मायके नोएडा वाले घर पर मातम पसरा हुआ है। माता-पिता भोपाल में हैं। आसपास के लोग भी मौत की जानकारी मिलने के बाद से दुखी हैं। उनका कहना है कि ट्विशा बचपन से ही मेधावी थी। उसे जिंदगी में कुछ अलग करना था। आसपास के लोगों का कहना है कि मृतका का अंतिम संस्कार नोएडा में ही किया जाएगा। हालांकि कब होगा, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। ट्विशा के परिवार के लोगों का कहना है कि इंसाफ के लिए चाहे जो भी करना पड़े वे करेंगे। मॉडल की मौत देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

ट्विशा शर्मा का शव कब और कहाँ मिला?
ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके पति समर्थ सिंह के घर में फंदे से लटका मिला था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।