तेज हवा के साथ बारिश ने गर्मी से राहत दी
नोएडा में गुरुवार शाम को आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत दी। अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पिछले दिन के मुकाबले 5.7 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना है, जिससे तापमान में और कमी आएगी।

नोएडा, प्रमुख संवाददाता। दिनभर लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों को गुरुवार शाम को आंधी के साथ हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी। अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी बारिश का पूर्वानुमान है। लिहाजा आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। नोएड और ग्रेटर नोएडा में दोपहर के बाद से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम सात बजे आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 60-70 किलोमीटर प्रतिघंटे की थी। मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। एक दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री रहा था। वहीं, जेवर के अधिकतम तापमान भी छह डिग्री कम रहा। जेवर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले 44.2 डिग्री था। अगले तीन दिनों तक तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। लिहाजा अधिकतम तापमान में और कमी आने की संभावना है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम रहेगा। जिले के चार स्थानों में से सेक्टर-62 के तापमान के आंकड़े अभी नहीं मिल रहे हैं। तापमान मापने वाली मशीन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मौसम विभाग नोएडा का तापमान जारी नहीं कर पा रहा है। जल्द ही मशीन ठीक होने की संभावना जताई गई है। अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान में कमी आएगी, लेकिन न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और इससे अधिक बना रहेगा। बारिश के बाद आर्द्रता बढ़ेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


