कंपनी के गोदाम में करंट से युवक की जान गई
- मालिक समेत दो लोगों पर लापरवाही का आरोप - कोर्ट के आदेश पर पुलिस

नोएडा, संवाददाता। फेज-तीन थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी के गोदाम में छह माह पूर्व करंट से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने कंपनी मालिक समेत दो लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जिला अलीगढ़ के कासिमपुर निवासी रूबी देवी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पति संतोष असरा एक वर्ष से एक कैंटर पर बतौर सहायक का कार्य करते थे। वह 30 सितंबर 2025 को फेज-दो क्षेत्र से कैंटर पर सामान लादकर सेक्टर-69 स्थित ट्रांसपोर्ट पर पहुंचे थे।
कैंटर सड़क किनारे खड़ा था। फर्म के मालिक रोहित अग्रवाल और सत्यवीर सिंह गोदाम के अंदर गए थे। रात करीब 11.30 बजे गोदाम में सीवर पर रखी लोहे की जाली पर संतोष ने पैर रख दिया। जाली पर विद्युत करंट आ रहा था। करंट लगने से संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि फर्म मालिक की गलती से उनके पति की जान चली गई। पुलिस के शिकायत दर्ज नहीं करने पर उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


