
एक जनवरी से परिवहन विभाग में नहीं होगी वाहनों की फिटनेस जांच
-हर माह दो हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन फिटनेस जांच के लिए परिवहन विभाग में
नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-33 स्थित सहायक संभागीय परिवहन विभाग कार्यालय परिसर में एक जनवरी से व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच नहीं होगी। वाहन मालिकों को निजी स्वचलित परीक्षण स्टेशन (एटीएस) में वाहन की फिटनेस जांच करानी होगी। परिवहन विभाग के अनुसार एक हफ्ते में दादरी में स्वचलित परीक्षा स्टेशन शुरू होने की संभावना है। परिवहन विभाग में हर माह औसतन दो हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन फिटनेस जांच के लिए पहुंचते हैं। नए साल से इन वाहनों की फिटनेस जांच निजी स्वचलित परीक्षण स्टेशन में होगी। इससे पहले स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी निजी केंद्रों को दी जा चुकी है।
परिवहन विभाग के मोटर वाहन निरीक्षक संजय राय ने कहा कि जिले में दो स्वचलित परीक्षण स्टेशन शुरू होने हैं। इसमें ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित प्रणाम बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड में स्वचलित परीक्षण स्टेशन तैयार है। संभव है कि एक हफ्ते में यह शुरू हो जाएगा। किन्हीं कारणों से यदि यह स्टेशन एक जनवरी तक नहीं शुरू होता है तो मुख्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देश के आधार पर कार्य होगा। नियम के मुताबिक किसी भी जिले के वाहन की अपने निकटवर्ती जिले के स्वचलित परीक्षण स्टेशन में फिटनेस जांच हो सकती है। ---------- कुछ तरह के वाहनों की जांच परिवहन विभाग में ही होगी परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ तरह के वाहनों की जांच परिवहन विभाग कार्यालय में ही होगी। इसमें पावर टिलर (व्यावसायिक) जिसका उपयोग जुताई, हल चलाने और फसलों की बुवाई के लिए मिट्टी तैयार करने के लिए किया जाता है। कृषि ट्रैक्टर, क्रेन लगे वाहन, हार्वेस्टर, फोर्कलिफ्ट (औद्योगिक ट्रक), रिग ट्रक, बुल्डोजर, डंफर, रोड रोलर समेत ऐसे अन्य वाहन शामिल हैं। -------- दिल्ली के वाहन जिले में जांच के लिए आ सकते हैं परिवहन विभाग के अनुसार नियम के मुताबिक किसी भी व्यावसायिक वाहन की जांच निकटवर्ती जिले के एटीएस में हो सकती है। ऐसे में जिले में एटीएस शुरू होने पर दिल्ली और आसपास के जिलों के वाहन भी यहां पर फिटनेस जांच के लिए लाए जा सकते हैं। --------- स्वचलित परीक्षण स्टेशन के कई फायदे हैं जानकारों के मुताबिक स्वचलित परीक्षण स्टेशन के कई फायदे हैं। इससे समय की काफी बचत होती है। इससे वाहन की फिटनेस जांच की सटीक जानकारी मिलती है। कोई वाहन जांच के दौरान अनफिट निकलता है तो उसे सड़क पर चलने के लिए फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा। -------- आवेदन प्रक्रिया में बदलाव नहीं वाहन की फिटनेस जांच के लिए आवेदन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं है। वाहन मालिक को परिवहन विभाग की वेबसाइट www.parivahan.gov.in पर आवेदन करना होगा। सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुक टाइम स्लॉट के आधार पर अपने वाहन को फिटनेस जांच के लिए एटीएस में ले जाना होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




