लोगों ने घेरा तो बाइक छोड़कर भागा बदमाश
नोएडा के सेक्टर-122 में एक व्यक्ति का मोबाइल झपटने वाले बदमाश को लोगों ने घेर लिया। बदमाश अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। बाइक की नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे पुलिस को मालिक की पहचान में कठिनाई हो रही है। पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई और सोशल मीडिया पर बाइक की फोटो साझा की।

नोएडा,वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-122 में राह चलते व्यक्ति का मोबाइल झपटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाश को लोगों ने घेर लिया। बदमाश बाइक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। बाइक में नंबर प्लेट भी नहीं है। लोगों ने बाइक को पुलिस को सौंप दिया है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय सेक्टर-113 थाने की पुलिस को दे दी गई है। भागने के दौरान लूटा हुआ मोबाइल भी बदमाश के हाथ से गिर गया। पुलिस बाइक के मूल मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है। बाइक में नंबर प्लेट न होने के कारण मालिक से संपर्क करने में परेशानी हो रही है।
सेक्टर 122 निवासी मधुर शनिवार रात को पैदल ही जा रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी परिचित की कॉल आ गई। ऐसे में उन्होंने जेब से मोबाइल निकाला और बात करने लगे। सेक्टर में बाइक सवार बदमाश पीछे से आया और मधुर का मोबाइल झपटकर भागने लगा। पीड़ित ने शोर मचाकर पीछा किया तो बदमाश घिर गया। बदमाश मौके पर बाइक और मोबाइल छोड़ कर भाग गया। पीड़ित ने सेक्टर 113 थाना पुलिस से शिकायत की। इस संबंध में यूजर ने सोशल मीडिया पर बाइक की फोटो भी साझा की है। पोस्ट में यूपी और नोएडा पुलिस के अलावा डीजीपी उत्तर प्रदेश को भी टैग किया गया है। यूजर का दावा है कि बदमाशों द्वारा वारदात दिनदहाड़े की गई है। सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




