किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने छिजारसी गांव से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बरामद किया। आरोपी अंकित को गिरफ्तार किया गया है, जिसने किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने 26 मार्च को शिकायत दर्ज...

नोएडा, संवाददाता। पुलिस ने छिजारसी गांव से करीब 15 दिन पहले लापता हुई किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने के आरोप में युवक को भी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को पिछले कई दिन से खोज रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि छिजारसी निवासी महिला ने 26 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 21 मार्च की सुबह ड्यूटी गई थीं। उनके साथ में 14 वर्षीय बेटी भी गई थी। दोपहर करीब 12.30 बजे बेटी कुछ सामान लेने के लिए कंपनी से बाहर गई। इसके बाद वह न तो वापस लौटी और न ही घर पहुंची। खोजबीन के बाद भी किशोरी का सुराग नहीं लगा तो पुलिस टीम ने केस दर्ज कर किशोरी को खोजने के लिए टीम गठित की। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी जिला कानपुर देहात निवासी अंकित को सेक्टर-63 स्थित एबीसीडी चौराहे से दबोच लिया। किशोरी ने पूछताछ में बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने केस में दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।