पुलिस सोसाइटी और संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था जांचेगी
नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस 5 से 7 अप्रैल तक एक विशेष अभियान चलाएगी। इस दौरान सोसायटियों और संस्थानों में सुरक्षा की जांच की जाएगी, जिसमें निजी सुरक्षाकर्मियों का सत्यापन भी शामिल है। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि शहर को और सुरक्षित बनाया जा सके।

पांच से सात अप्रैल तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, निजी सुरक्षाकर्मियों का भी सत्यापन होगा नोएडा,वरिष्ठ संवाददाता। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस सोसायटियों, सेक्टरों और अन्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था जांचेगी। इसके लिए पांच से सात अप्रैल तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी थानों में एक टीम बनाई गई है। निजी सुरक्षाकर्मियों का भी सत्यापन होगा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में लोग सोसायटियों और अपार्टमेंट में रहते हैं। ऐसे में निजी सुरक्षाकर्मियों की भूमिका अहम हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान शुरू किया जा रहा है।
इस दौरान पुलिस टीम अलग-अलग सोसायटियों और संस्थानों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगी। आरडब्ल्यूए, एओए और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि सभी जगह सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं। यह देखा जाएगा कि जिन एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है, उनके सुरक्षाकर्मियों का पुलिस सत्यापन हुआ है या नहीं। सोसायटियों में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों का रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा। पुलिस यह देखेगी कि प्रवेश और निकास रजिस्टर ठीक से बनाए जा रहे हैं या नहीं। डिजिटल सिस्टम का उपयोग भी जांच के दायरे में रहेगा। पुलिस यह देखेगी कि क्या सोसाइटियों में विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम या अन्य डिजिटल तरीकों का इस्तेमाल हो रहा है या नहीं। अगर नहीं हो रहा तो उन्हें इसे लागू करने की सलाह दी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी इस अभियान का अहम हिस्सा है। पुलिस यह जांच करेगी कि सोसायटी में कितने कैमरे लगे हैं, वे काम कर रहे या नहीं और उनकी रिकॉर्डिंग कितने दिनों तक सुरक्षित रखी जा रही है।पेट्रोलिंग भी जांच का हिस्सा होगीरात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष जांच की जाएगी। पुलिस यह देखेगी कि रात में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सही है या नहीं। पेट्रोलिंग हो रही है या नहीं और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि अगर जांच के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति, सोसायटी या सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।लोगों से सहयोग की अपीलपुलिस कमिश्नरेट ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अपनी सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दें और अगर कहीं कमी दिखे तो उसे तुरंत ठीक कराएं। साथ ही इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें, ताकि शहर को और सुरक्षित बनाया जा सके। यह अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि लोगों में जागरुकता भी बढ़ाएगा। अगर सभी सोसायटियां और संस्थान मिलकर सुरक्षा के नियमों का पालन करें, तो अपराधों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।जिले में बड़ी संख्या में लोग सोसायटियों और अपार्टमेंट में रहते हैं। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों की भूमिका काफी अहम हो गई है। सोसाइटी के अंदर कोई आपराधिक घटना न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों का सत्यापन किया जाएगा।लक्ष्मी सिंह, पुलिस कमिश्नर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


