स्क्रैप माफिया रवि काना की तलाश में छापेमारी जारी
बीते माह बांदा जेल से भागे स्क्रैप माफिया रवि काना का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। नोएडा पुलिस को उसके बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। रवि काना एक संगठित अपराधी गिरोह का सरगना है, जिसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। बीते माह बांदा जेल से निकलकर गायब हुए स्क्रैप माफिया रवि काना का अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, उसके देश के भीतर ही होने के संकेत मिले हैं। पुलिस की छह टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। बांदा जेल से बाहर निकलने के बाद से रवि काना की ठीक-ठीक लोकेशन पुलिस के हाथ नहीं लग रही थी। सोमवार को नोएडा पुलिस को रवि काना के विषय में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। दावा किया जा रहा है कि जेल के बाहर से रवि काना जिस कार में बैठकर निकला, वह एक जगह पर दिख गई है।
कुछ अन्य वाहन भी उस दिन जेल के बाहर पहुंचे थे। नोएडा पुलिस सभी वाहनों का पता लगाने में जुट गई है। न्यायालय ने रवि काना के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया हुआ है। रवि काना एक संगठित अपराधी गिरोह का सरगना है, जिसका गैंग नंबर डी-190 है। इस गैंग में कुल 18 सदस्य हैं। रवि काना और उसके गैंग के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर समेत एनसीआर के कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अवैध तरीके से स्क्रैप और सरिया के कारोबार से जुड़ा था। गैंग के सदस्य स्क्रैप और सरिया कारोबारियों को डराने-धमकाने, चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। इन अपराधों के जरिए अवैध रूप से भारी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई, जिसे रवि काना, उसके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के नाम पर बेनामी रूप से दर्ज कराया गया है।रवि काना ने एक बड़ा गिरोह बना रखा है। यह पूरा गिरोह इन दिनों नोएडा पुलिस की रडार पर है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



