करोड़ों के मादक पदार्थ नष्ट कराए
नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार । जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ ऑपरेशन दहन के तहत करीब 18.88

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ ऑपरेशन दहन के तहत करीब 18.88 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट करा दिए। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तीनों जोन में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन्हीं अभियानों के दौरान विभिन्न थानों की पुलिस ने चेकिंग और कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए थे। न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के बाद इन सभी जब्त पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई। ऑपरेशन दहन के अंतर्गत कुल 2918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए, 1.77 किलोग्राम ड्रग्स गोलियां और 1.12 किलोग्राम हेरोइन नष्ट की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये है।
विशेष समिति का गठन
जिला पुलिस की ओर से मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। समिति ने जब्त सामग्री का सत्यापन करने के बाद न्यायालय से अनुमति प्राप्त की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी मादक पदार्थों को नष्ट कराया। इस दौरान संबंधित अधिकारी और समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
पुलिस का सहयोग करने की अपील
अधिकारियों का कहना है कि बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी चोट है। इससे तस्करों के नेटवर्क को कमजोर करने के साथ-साथ युवाओं तक नशीले पदार्थों की पहुंच रोकने में भी मदद मिलेगी। जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस, संबंधित थाने या डायल-112 पर दें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


