Noida News: एनसीआर में राहगीरों से झपटमारी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
Noida News: गौरव भारद्वाज ... आरोपियों के पास से चोरी की बाइक, पांच मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद

Noida News: नोएडा, संवाददाता। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने रविवार रात चेकिंग के दौरान सेक्टर-62 से बाइक सवार दो बदमाशों को दबोच लिया। दोनों बदमाश एनसीआर में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन झपट लेते हैं। दोनों के पास से चोरी की बाइक, पांच मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद हुए हैं। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि रविवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। सेक्टर-62 में सीडैक के सामने टीम पहुंची तो एक काले रंग की बाइक आते दिखाई दी। उस पर नंबर प्लेट नहीं दिखी तो संदिग्ध होने पर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बाइक सवार मुड़कर भागने लगे।
टीम ने पीछा करके दोनों को दबोच लिया। बाइक चलाने वाले ने अपनी पहचान जिला अलीगढ़ के सालपुर गांव निवासी विक्रम सिंह के रूप में हुई। वहीं, दूसरे की पहचान हरियाणा के जिला फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी निवासी लविश के रूप में हुई। दोनों वर्तमान में दिल्ली के गाजीपुर की घड़ौली कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। बाइक के दस्तावेज मांगे तो नहीं दिखा पाए। ई-चालान ऐप की मदद से पता चला कि बाइक दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन से चोरी की थी। बाइक शहजाद खान की है। वहीं तलाशी के दौरान दोनों के पास से पांच मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एनसीआर में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन झपटमारी करते हैं। लोगों को डराने के लिए अपने पास चाकू रखते हैं।


