भूखंड दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने का आरोप
नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव में एक दंपति पर भूखंड दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये हड़पने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित आबिद ने कोर्ट में दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि भूखंड पहले ही अधिग्रहित हो चुका था, फिर भी आरोपी दंपति ने उसे बेच दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नोएडा, संवाददाता। गढ़ी चौखंडी गांव में भूखंड दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी आबिद ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह मूलरूप से जिला मेरठ के कस्बा फलावदा निवासी हैं। उन्होंने 30 मार्च 2012 को गढ़ी चौखंडी गांव में 41.08 वर्ग मीटर के भूखंड का बैनामा कराया था। यह भूखंड चौड़ा सादातपुर गांव निवासी सुमन शर्मा से खरीदा था। सुमन शर्मा के खाते में दो लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे।
इसके अलावा सुमन और उनके पति श्रीनिवास शर्मा को दो लाख 90 हजार रुपये नगद दिए थे। भूखंड खरीदते समय सुमन शर्मा ने बताया था कि इस भूखंड पर कोई सरकारी ऋण नहीं है। दावा किया था कि भूखंड प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में नहीं है, इसलिए इस पर निर्माण कराने के लिए कोई नक्शा पास कराने की जरूरत नहीं है। बैनामा कराने के बाद में जानकारी हुई कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा इस जमीन को वर्ष 2007 में ही अधिग्रहण कर लिया गया था। इसके बावजूद आरोपियों ने धोखाधड़ी करके भूखंड बेच दिया। यह बात जब आरोपी दंपति को बताई तो उन्होंने किसी और स्थान पर भूखंड दिलाने का आश्वासन दिया। कई वर्ष बीतने के बाद भी भूखंड नहीं मिला। आरोपियों ने पांच लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना स्तर से सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


